बाबूबरही में बूथ संख्या 235 पर आठ बजे रात तक चला मतदान
झंझारपुर लोक सभा के लिए मंगलवार को बाबूबरही में रात आठ बजे तक मतदान हुआ।
मधुबनी। झंझारपुर लोक सभा के लिए मंगलवार को बाबूबरही में रात आठ बजे तक मतदान हुआ। यहां ईवीएम में खराबी के कारण दो घंटे देर से मतदान शुरू हुआ था। वहीं खजौली प्रखंड में मतदान का प्रतिशत 50 रहा।
खजौली : लोकसभा आम निर्वाचन के तहत प्रखंड क्षेत्र में मतदान मंगलवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। 33 खजौली विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत प्रखंड में कुल 58 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के प्रारंभ में मतदान केन्द्र संख्या 271, 285 सहित करीब आधे दर्जन मतदान केंद्रों पर वोटिग मशीन में आंशिक गड़बड़ी हुई जिसे तत्काल दूर कर दिया गया। मतदान के प्रारंभिक 4 घंटे में मतदाताओं ने जम कर मतदान किया। मतदान केन्द्र संख्या 285 पर वीवीपैट मशीन में आई खराबी के बाद उसे तत्काल बदल दिया गया। मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। वहीं मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बीडीओ रतन कुमार दास, थानाध्यक्ष राम चन्द्र चौपाल के नेतृत्व में प्रशासन का काफिला गश्त लगते देखा गया। वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने भी खजौली के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया। वहीं 34 बाबूबरही विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत प्रखंड में तकरीबन 57 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इधर 7-झंझारपुर लोकसभा के सामान्य प्रेक्षक राजेश रंजन ने खजौली विधानसभा के मतदान केन्द्र संख्या 270, 271 सहित कई मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होने मतदाताओं से बात की और मतदान केन्द्र पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधा को भी देखा।
देर शाम तक चला मतदान
बाबूबरही:प्रखंड क्षेत्र में लोकसभा चुनाव का कार्य शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। ईवीएम में आई खराबी के कारण पचरूखी के मतदान केंद्र संख्या 235 पर दो घंटे बिलंब से चुनाव प्रारंभ हुई थी। सो यहां रात के तकरीबन 8 बजे तक चुनाव कार्य चलता रहा।प्रशासन द्वारा लाईट की व्यवस्था की गई।थानाध्यक्ष संजय कुमार, बीडीओ प्रकाश कुमार, कलुआही बीडीओ सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी यहां कैंप करते रहे। वही दिन में सदर एसडीओ सुनील कुमार व टाउन डीएसपी सतीश चन्द्र मिश्र कई मतदान केंद्रों का दौडा करते तथा प्रखंड मुख्यालय में कैंप करते स्थिति पर नजर बनाए रखे।चुनाव बीतने के साथ ही संध्या से विभिन्न चौक चौराहे पर जीत हार की गणित प्रारंभ हो गई है। इस गणित में पक्ष व विपक्ष के जातिगत आधार गणित को तरजीह दी जा रही है। महागठबंधन व एनडीए के वरिष्ठ नेता भी अपनी अपनी जीत को पक्की बता रहें हैं।