एसडीओ से वार्ता के बाद छठे दिन समाप्त हुआ पूर्व मुखिया का अनशन
मधुबनी। बेहट उत्तरी पंचायत के पूर्व मुखिया अर्जुन मंडल का अनुमंडल मुख्यालय पर सोमवार से चल रह
मधुबनी। बेहट उत्तरी पंचायत के पूर्व मुखिया अर्जुन मंडल का अनुमंडल मुख्यालय पर सोमवार से चल रहा अनिश्चितकालीन अनशन शनिवार को छठे दिन समाप्त हुआ। एसडीओ शैलेश कुमार चौधरी से सम्मानजनक वार्ता के बाद अनशन समाप्त किया गया। एसडीओ ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया और आश्वस्त किया कि उनकी हर मांग पर सार्थक पहल करेंगे एवं संबंधित विभाग को पत्राचार कर काम में गति लाने का निर्देश देंगे। वार्ता के दौरान कई बार टोका टोकी तथा टिप्पणी भी हुई, लेकिन दोनों ही पक्ष ने बुद्धिमता पूर्ण ढ़ंग से मामले का हल निकाला। उपवास समाप्त होने के बाद दोनों ही पक्षों ने राहत की सांस ली है। पूर्व मुखिया की मांगों में झंझारपुर को जिला बनाना, जल जीवन हरियाली योजना के तहत अनुमंडल स्तर पर बड़े पोखरा को चिन्हित कर उड़ाही कराना एवं घाट निर्माण कराना, झंझारपुर की मुख्य सड़क का चौड़ीकरण करना, झंझारपुर आरएस बाजार से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करना, वर्ष 2019 में आई प्रलयंकारी बाढ़ में नरूआर एवं गोपलखा के लोगों को आवासित करना, सरकार द्वारा निर्धारित एमएसपी पर ही किसानों की फसल को खरीदने की गारंटी देना, अड़रिया संग्राम स्थित ट्रामा सेंटर को चालू कराना, अनुमंडल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे को चालू करने सहित कई मांगें शामिल हैं। एसडीओ के साथ झंझारपुर थानाध्यक्ष चंद्रमणि के अलावा उपवास स्थल पर दंडाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी मौजूद थे। वहीं, पूर्व मुखिया के समर्थन में स्वराज इंडिया के संस्थापक देवनाथ देवन, कामेश्वर कामति, सुरेंद्र मल्लिक, योगनाथ मंडल, प्रेमकांत दास, मो. मुर्तुजा, सोनू कुमार, रामअशीष मंडल, पलटू चौपाल, लूटन कामति, रौशन कुमार, रामेश्वर पासवान सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।