हमें हमारे परिवेश से जोड़ता खेल, देता संतुलन व समायोजन की सीख : डीएम
मधुबनी । जिलाधिकारी अमित कुमार ने सोमवार को पंडौल उच्च विद्यालय मैदान में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
मधुबनी । जिलाधिकारी अमित कुमार ने सोमवार को पंडौल उच्च विद्यालय मैदान में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, बिहार पटना एवं जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में इस जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है जो 23 दिसंबर तक चलेगा। इसके अंतर्गत संपन्न होने वाले खेलों के विभिन्न विधाओं के लिए अलग अलग स्थलों का चयन किया गया है। इसमें उच्च विद्यालय पंडौल में कबड्डी, एथलेटिक्स, रग्बी, हैंडबॉल, खो-खो, वालीबॉल, उच्च विद्यालय शंभुआर में क्रिकेट, ललित कर्पूरी स्टेडियम झंझारपुर में फुटबॉल, खेल भवन वॉटसन स्कूल में वुशु, कराटे एवं नगर भवन मधुबनी में बैडमिटन का आयोजन किया जाना है। इस कार्यक्रम में जिले के 550 विद्यालयों से लगभग 5000 प्रतिभागी अपने अपने विधाओं में हिस्सा लेंगे।
जिलाधिकारी के आगमन पर मुख्य गेट पर छात्राओं ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया। मंच परसभी आगत अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने पुष्प गुच्छ व मोमेंटो देकर किया गया। इसके बाद कार्यक्रम का उदघाटन जिला पदाधिकारी अमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी नसीम अहमद, जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित, पूर्व विधान पार्षद सुमन कुमार महासेठ व भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उदघाटन समारोह में विद्यालय के शिक्षिकाओं व छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत एवं पोल स्टार के छात्राओं द्वारा झिझिया नृत्य की प्रस्तुती से माहौल सांस्कृतिक हो गया। प्रतियोगिता का आगाज होते ही जिले भर के सभी 21 प्रखंडों के विद्यालयों से आए छात्रों ने कतारबद्ध हो मार्च पास्ट किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी ने जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि खेल न केवल हमारे सामाजिक जीवन में, बल्कि हमारे नागरिक जीवन में भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल हमें हमारे परिवेश से जोड़ता है। यह हमें सबके बीच समायोजन सिखाता है। खेल हमें संतुलन सिखाता है। वास्तविक जीवन में चीजें हमारे लिए सदैव सहज ही हो ये आवश्यक नहीं है। जीवन में आशा और निराशा का दौर लगा ही रहता है। ऐसे में खेल के माध्यम से हम सीखते हैं कि अपनी हार होने पर दुखी होकर मैदान नहीं छोड़ना है, बल्कि वापसी की कोशिश करनी है। वहीं, जीत में अतिउत्साहित होकर शिथिल नहीं पड़ना है, बल्कि अपने में सर्वश्रेष्ठ बने रहने के गुणों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि खेल भावना से हम जीवन में हौसला हासिल करते हैं, ताकि जीवन में सदैव चुनौतियों के आगे डट कर मुकाबला करें।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन अंडर 17 कबड्डी, एथलेटिक्स, बॉलीबॉल, खोखो व अंडर 14 खोखो खेल आयोजित हुई। आयोजन से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया। इस खेल प्रतियोगिता में जिले भर के सभी प्रखंडों से आए खेल प्रतिनिधियों ने अपने छात्रों संग हिस्सा लिया। जिला स्तरीय उक्त प्रतियोगिता के विभिन्न विधाओं का खेल अभी दो दिन और होगा। कार्यक्रम को जिला खेल पदाधिकारी विजय पंडित, पूर्व विधान पार्षद सुमन कुमार महासेठ व भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर झा ने भी संबोधित किया। मौके पर बीडीओ डॉ. अभिजीत चौधरी, सीओ नंदन कुमार, पंडौल थानाध्यक्ष शंकर शरण दास, एएसआई अबुल कलाम एजाज, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जगदानंद चैधरी, प्रभारी प्रधानाध्यापक अबु मोहम्मद, शारीरिक शिक्षक सुनील कुमार, वरीय शिक्षक डा. हीरा प्रसाद सिंह, शिव शंकर प्रसाद सिंह, शेखर कुमार, रूही कुमारी, शारदा कुमारी, रविन्द्र कुमार सिंह, संतोष कुमार, श्याम नंदन किशोर, कुमारी रेखा, पूजा कुमारी, कल्याणी कुमारी, रंजन कुमार, मनोज कुमार चौधरी, प्रमोद सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
--------------------
खेल प्रतियोगिता के प्रथम दिन ये खिलाड़ी रहे सफल :
1500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में प्लस टू उच्च विद्यालय शंभुआर की छात्रा भवानी कुमारी प्रथम, उच्च विद्यालय लोहा की छात्रा प्रियंका कुमारी दूसरे व उच्च विद्यालय भराम की छात्रा कंचन कुमारी तीसरे स्थान पर रही। 100 मीटर के बालक दौड़ में उच्च विद्यालय खजौली के छात्र नीतीश कुमार यादव प्रथम, डीपीएस झंझारपुर के विवेक कुमार दूसरे व उच्च विद्यालय खुटौना के सत्येंद्र कुमार पासवान तीसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर छात्रा दौड़ प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय बिस्फी की छात्रा अमृता कुमारी प्रथम, मध्य विद्यालय सरहद की छात्रा नेहा कुमारी दूसरे व डीएवी झंझारपुर की छात्रा अदिति कुमारी तीसरे स्थान पर रही। छात्राओं के शॉट पुट में प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय ब्रह्मोत्तरा की छात्रा कौशिकी कुमारी प्रथम, प्लस टू उच्च विद्यालय भराम की छात्रा गुड़िया खातुन दूसरे व प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय खुटौना की छात्रा अंजू कुमारी तीसरे स्थान पर रही। छात्राओं की लंबी कूद में मध्य विद्यालय सरहद की छात्रा नेहा कुमारी प्रथम, प्लस टू उच्च विद्यालय भराम की छात्रा सहिसा खातून दूसरे व उच्च विद्यालय के पांचवी की छात्रा ज्योति कुमारी तीसरे स्थान पर रही। छात्राओं की डिस्कस थ्रो में शिवगंगा बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय मधुबनी की छात्रा तुलसी कुमारी प्रथम, शिवगंगा बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय मधुबनी की छात्रा काजल कुमारी दूसरे व उच्च विद्यालय पदमा लदनियां की छात्रा कामिनी कुमारी तीसरे स्थान पर रही।