गुलजार रहा भाजपा-जदयू कार्यालय, मना जश्न
मधुबनी व झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव परिणाम का असर जिला मुख्यालय स्थित एनडीए के भाजपा जदयू तथा महागठबंधन के कांग्रेस पार्टी विकासशील इंसान पार्टी व राजद के कार्यालय में देखा गया।
मधुबनी। (कपिलेश्वर साह) मधुबनी व झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव परिणाम का असर जिला मुख्यालय स्थित एनडीए के भाजपा, जदयू तथा महागठबंधन के कांग्रेस पार्टी, विकासशील इंसान पार्टी व राजद के कार्यालय में देखा गया। गुरुवार सुबह मतगणना शुरू होते ही रूझान आने के साथ घीरे-घीरे मतों का अंतर बढ़ते ही भाजपा व जदयू कार्यालय में काफी चहल-पहल बढ़ती चली गई। चुनाव का फाइनल परिणाम आने के बाद स्थानीय भाजपा कार्यालय में भाजपा के अशोक कुमार यादव की जीत के जश्न में डूब गया। यहां जीत की खुशी में जमकर लड्डू का वितरण किया गया। भाजपा कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं की आवाजाही लगी रही। मतगणना की जानकारी के लिए कार्यालय में लगाए गए अतिरिक्त टेलीविजन पर नजरें गड़ाए भाजपा समर्थक मधुबनी, झंझारपुर सहित देश में एनडीए की जबरदस्त जीत पर हर्ष व्यक्त करते रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने बताया कि जिला सहित देश में एनडीए की शानदार जीत ने साबित कर दिया कि देश में एनडीए की लहर चल रही थी। वहीं स्थानीय जदयू कार्यालय में पार्टी के झंझारपुर प्रत्याशी रामप्रीत मंडल की जीत को लेकर हर्ष का माहौल बना रहा। कार्यालय में बड़ी तादाद जदयू कार्यकर्ता टेलीविजन पर चुनाव परिणाम पर नजरें जमाए रहे। जिला जदयू अध्यक्ष अब्दुल कैयूम ने बताया कि एनडीए की ऐतिहासिक जीत देश को नई दिशा प्रदान करेगा। निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. शकील अहमद खेमें में उदासी का आलम गुरुवार सुबह में मतगणना की रूझान के साथ चुनाव परिणाम आने पर महागठबंधन के कांग्रेस पार्टी, विकासशील इंसान पार्टी व राजद के कार्यालय के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी डा. शकील अहमद के आवासीय परिसर में उदासी देखी गई। शहर से सटे सप्ता स्थित विकासशील इंसान पार्टी के चुनाव कार्यालय में सुबह में चहल-पहल बनी रही लेकिन दोपहर बाद रूझान की स्थिति के साथ ही विरानगी छाने लगी। इसी तरह स्थानी कांग्रेस पार्टी कार्यालय में भी सन्नाटा पसरा रहा है। कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रो. शीतलाबंर झा के अलावा विनय कुमार झा, मुकेश कुमार झा टीवी पर चुनाव परिणाम पर नजर जमाए थे। जिलाध्यक्ष प्रो. शीतलाबंर झा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी को परिणाम से हताश होने की जरूरत नही है। पार्टी फिर से आगे की लड़ाई के लिए तैयारी करेगी। इधर शहर के मोमिन टोला स्थित निर्दलीय प्रत्याशी डा. शकील अहमद के आवासीय परिसर में दोपहर बाद पंडाल में समर्थकों के बीच उदासी का आलम देखा गया।