जगन्नाथपुर में रेलवे ट्रैक के पास मिला तांत्रिक का शव, सनसनी
बाबूबरही थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर व बसहा के बीच पुरानी रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की रात एक वृद्ध तांत्रिक पंचलाल राम का शव मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। तरह-तरह की चर्चा होने लगी। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या का मामला प्रतीत होता है।
मधुबनी । बाबूबरही थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर व बसहा के बीच पुरानी रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की रात एक वृद्ध तांत्रिक पंचलाल राम का शव मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। तरह-तरह की चर्चा होने लगी। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भी कराया। वहीं पुलिस विभिन्न बिदुओं पर गहन छानबीन शुरू कर दी है। शव की पहचान जगन्नाथपुर गांव के पंचलाल राम (66) के रूप में की गई है। हत्या या आत्महत्या दोनों बिदुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार, पंचलाल राम तांत्रिक का काम करता था। स्वजनों के अनुसार वह शनिवार दोपहर तीन बजे निकला था। वापस साढे़ चार बजे लौट आया। फिर यह कहकर घर से निकला कि एक व्यक्ति को जंतर देना है। फिर लौटकर नहीं आया। खोजबीन के क्रम में उसका शव मिला। उसकी गर्दन गमछे से ऐंठी गई थी। साथ ही कई जगह जख्म के निशान भी मिले। घटनास्थल के बगल में सिदूर का पुड़िया, अक्षत व मृतक की चप्पल मिली है। उसका मोबाइल गायब पाया गया है। हालांकि मृतक के मोबाइल के सीडीआर से इस कांड का पर्दाफाश हो सकता है। वहीं मौत की सूचना पर इलाके के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ी। तरह -तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतक के भाई ने बताया है कि कुछ दिन पूर्व एक पंचायत प्रतिनिधि के कार्य का विरोध उनका तांत्रिक भाई ने किया था। जिसका वीडियो वायरल हुआ है। लेकिन, अब उनका शव बरामद हुआ है। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना को किसी से आवेदन नहीं मिला था। इस घटना के संबंध में तरह-तरह की आशंका व्यक्त की जा रही है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न बिदुओं पर जांच प्रारंभ कर दी गई है। शीघ्र मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। बाबूबरही- खुटौना मुख्य सड़क को किया जाम
रेलवे ट्रैक के पास मिले पंचलाल राम के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव जैसे ही गांव लाया गया कि लोगों का गुस्सा उबल पड़ा। आक्रोशित लोग शव को लेकर बाबूबरही -खुटौना मुख्य सड़क को जटही गांव में जाम कर दिया। आंदोलनकारियों की मांग है कि मृतक के आश्रितों को पांच लाख रुपये मुआवजा देने, घटना से पूर्व धमकी देने वाले एक जनप्रतिनिधि को नामजद करने, इस कांड का पर्दाफाश 24 घंटे के अंदर करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार किया जाए। मौके पर पहुंचे थाना एसआइ एसके सिंह, आरएस राम सड़क जाम हटाने में विफल रहे। आंदोलनकारी जाम स्थल पर डीएम व एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। मालूम हो कि शनिवार रात जगन्नाथपुर गांव के निकट रेलवे ट्रैक के बगल में पंचलाल राम का शव मिला था।