कोरोना संदिग्धों की पहचान के लिए 3.81 लाख घरों में सर्वे
मधुबनी। कोरोना संवेदनशील देशों व दूसरे राज्यों से लौटे लोगों उनके स्वजन एवं संबंधित ग्रामीणों का बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य परीक्षण सर्वे जिले में किया गया।
मधुबनी। कोरोना संवेदनशील देशों व दूसरे राज्यों से लौटे लोगों, उनके स्वजन एवं संबंधित ग्रामीणों का बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य परीक्षण सर्वे जिले में किया गया। पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर जिले के सभी प्रखंडों में सर्वे किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर लोगों की थर्मल स्क्रीनिग की। वहीं सर्दी, सुखी खांसी, सांस लेने में तकलीफ आदि लक्षणों की पड़ताल की। साथ ही उनकी ट्रैवेल हिस्ट्री के बारे में पूछताछ की गई। सर्वेक्षण कार्य एक मई से शुरू हुआ। पांच मई तक तीन लाख 81 हजार 720 घरों में लगभग 18 लाख से अधिक लोगों का सर्वे किया गया। इसमें राज्य से बाहर नहीं गए 36 लोगों में बुखार के साथ सर्दी, खांसी एवं सांस लेने में तकलीफ होने के लक्षण पाए गए। सर्वे के दौरान जिले के शहरी क्षेत्र में विदेश से आए एक व्यक्ति में सर्दी खांसी के लक्षण मिले तथा दूसरे राज्य से आए दो व्यक्तियों में सर्दी खांसी के लक्षण मिले। इन व्यक्तियों का सैंपल लेकर जांच कराने की कार्रवाई की जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार झा ने बताया जिले के शहरी क्षेत्र समेत 21 प्रखंडों में घर-घर सर्वे किए गए। इसमें गंभीर श्वसन रोग बीमारी, इन्फ्लूएंजा रोग की पहचान की की गई। बेनीपट्टी के सर्वाधिक घरों में सर्वे
अंधराठाढ़ी में 18545, बाबूबरही में 16152, बासोपट्टी में 13906, बेनीपट्टी में 38627, बिस्फी में 38491, घोघरडीहा 9878, हरलाखी में 15318, जयनगर में 14145, झंझारपुर में 9724, खजौली में 10478, कलुआही में 6504, खुटौना में 26094, लदनिया में 20258, लखनौर में 20082, लौकही में 15169, मधेपुर में 14145, मधुबनी शहर में 5304, मधवापुर में 9201, पंडौल में 27102, फुलपरास में 15478, रहिका में 9920, राजनगर में 27199 घरों का सर्वेक्षण किया गया। इन घर में पाए गए कुल 18,86,275 व्यक्तियों का सर्वे किया गया। जिले में अब तक 773 व्यक्तियों की सैंपल जांच:
जिले में पांच मई तक 773 व्यक्तियों की सैंपल जांच हुई। इसमें अभी तक 690 केस निगेटिव पाए गए। वहीं 24 केस पॉजिटिव पाए गए। इनका इलाज झंझारपुर आइसोलेशन केंद्र में किया जा रहा है। वहीं 60 लोगों की रिपोर्ट का अभी आनी है।