सर्पदंश से दो मासूमों की मौत, हाहाकार
मधुबनी। अंधराठाढ़ी प्रखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घर में सो रहे दो मासूमों को सांप ने डंस लिया।
मधुबनी। अंधराठाढ़ी प्रखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घर में सो रहे दो मासूमों को सांप ने डंस लिया। दोनों की मौत हो गई।
घटना रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गौड़ अंधरा गांव की है। वार्ड नं चार के निवासी अर्जुन सदाय के बेटे मनोहर (उम्र करीब 7 साल) और बेटी राधा (उम्र करीब 16 साल) की मौत सांप के डंसने से हो गई। स्वजन के मुताबिक एक बजे रात्रि के करीब बच्चों को एक विषैले सांप ने डंस लिया। स्वजनों ने उसको डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए ले जाना बेहतर समझा।
वहां झाड़-फूंक करते-करते चार घंटा व्यतीत कर दिया। जब उसकी हालात और खराब हो गई तो परिजन उसको एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां उन्हें बचाने की कोशिश की गई। मगर बच्चों को बचाया नहीं जा सका।
पंचायत के मुखिया अरविद चौधरी ने बताया कि लोगों को चाहिए कि जहां कहीं भी सांप डंसने की शिकायत मिले तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए। लोग अंधविश्वास में फंस जाते हैं और बाद में जान गंवानी पड़ती है। हेल्थ मैनेजर सुशील कश्यप के मुताबिक अस्पताल में सर्पदंश की दवा मौजूद है। अगर समय पर झोलाझाप डॉक्टरों के चक्कर मे पड़ने की जगह उसको अस्पताल लाया जाता तो बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। भाई- बहन की एक साथ मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। बच्चों की मां की हृदयविदारक चीख से लोगों का कलेजा फट रहा था। इस घटना को लेकर पूरे प्रखंड में मातम पसरा है।
नदी में डूबने से बालक की मौत
फुलपरास(मधुबनी),संस : घोघरडीहा थाना क्षेत्र के चेथरु मंडल टोल में शनिवार की देर शाम भुतही बलान नदी में डूबने से एक छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक चेथरु मंडल टोल निवासी लक्ष्मण यादव के 6 वर्षीय पुत्र लव कुमार बताया जा रहा है। बच्चे की मौत से परिजनों सहित पूरे गांव में मातम है। मृतक 7 बहन और 2 जुड़़वा भाइयों में अपने माता पिता का सबसे लाडला था। बताया जा रहा है कि मृतक के घर के बगल से ही भुतही बलान नदी की एक नासी गुजरती है जिसमें शनिवार को आई बाढ़ और बरसात के कारण पानी भरा हुआ है। बच्चा किसी काम से नदी की तरफ गया और पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। परिजनों को पता चला तो काफी खोजबीन करने पर नदी से लव का शव बरामद किया गया। थानाध्यक्ष अरविद कुमार ने बताया कि थाना में एक यूडी केस दर्ज कर शव का अंत्यपरीक्षण कराकर परिजनों को सौप दिया।