राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दो प्रशिक्षण वर्ग एक साथ शुरू
मधुबनी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रथम व द्वितीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग शनिवार से पंडौल प्रखंड के मधेपुरा स्थित किरण टीचर्स ट्रेनिग कालेज परिसर में प्रारंभ हुआ।
मधुबनी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रथम व द्वितीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग शनिवार से पंडौल प्रखंड के मधेपुरा स्थित किरण टीचर्स ट्रेनिग कालेज परिसर में प्रारंभ हुआ। इस मौके पर नगर संघ संचालक साकेत महासेठ ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण दो वर्ष बाद संघ शिक्षा वर्ग आयोजित किया जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। 21 दिनों तक चलने वाले इस वर्ग में उत्तर बिहार का प्रथम वर्ष व उत्तर पूर्व क्षेत्र जिसमें बिहार झारखंड आते हैं का द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षण वर्ग संचालन किया जा रहा है। दो प्रशिक्षण वर्ग एक साथ शनिवार से आरंभ हो चुका है, जो 11 जून की सुबह तक चलेगा। इसमें स्वयंसेवकों का शारीरिक व बौद्धिक स्तर बढ़ेगा। देश धर्म समाज के लिए योजनाबद्ध तरीके से किस प्रकार अपने जीवन को समर्पित किया जा सकता है, यह सीखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग के माध्यम से व्यक्ति निर्माण परिपूर्ण होता है। बिहार व झारखंड के करीब 400 स्वयंसेवक संघ शिक्षा वर्ग में पहुंच चुके हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान कहा कि संघ क्या करता है, क्या सीखता है, यह देखना है तो वर्ग में कम से कम एक बार जरूर आएं। प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए प्रतिभागी बस, ट्रेन आटो आदि से अहले सुबह से ही प्रशिक्षण केंद्र पर पहुंचने लगे थे। मुख्य द्वार पर ही कार्यकर्ताओं के द्वारा उन्हें चंदन टीका लगा मुंह मीठा कराते हुए प्रवेश कराया जा रहा था। प्रतिभागियों को उनके ठहराव स्थल तक कार्यकर्ता पहुंचा रहे थे। कार्यक्रम की सफलता के लिए दरभंगा विभाग संघ संचालक डा. अशोक कुमार सिंह, मधुबनी संघ संचालक अरविद सिन्हा, विभाग कार्यवाहक अविनाश कुमार सहित विभाग से जिला स्तर तक सभी प्रमुख गणमान्य कार्यकर्ताओं के संग पूर्व विधान पार्षद सुमन कुमार महासेठ, अश्वनी कुमार उर्फ मींकू, दीपक कुमार साह, पवन कुमार झा, विभूति नाथ झा, प्रमोद कुमार सिंह, अंजनी कुमार राय व देवेंद्र कुमार लगातार प्रयासरत हैं।