रंधीर खन्ना और महेश यादव तीसरी बार होंगे पैक्स अध्यक्ष
मधुबनी। बाबूबरही प्रखंड क्षेत्र की सात पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन व संवीक्षा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
मधुबनी। बाबूबरही प्रखंड क्षेत्र की सात पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन व संवीक्षा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 84 पदों में से 22 पर एक भी नामांकन नहीं हुए। 54 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। फिलवक्त आठ पदों पर चुनाव की संभावना बन रही है। हालांकि, नाम वापसी की तिथि अभी शेष है।
बता दें कि पिरही पंचायत से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सह व्यापार मंडल अध्यक्ष रंधीर खन्ना व महेशवाड़ा से महेश यादव ही अध्यक्ष पद पर नामांकन किए हैं। दोनों की जीत का यह तीसरा कार्यकाल होगा। पिरही में एक अतिपिछड़ा महिला एवं महेशवाड़ा में एक पिछड़ा वर्ग महिला का पद रिक्त रह गया। अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। मगर, इन दोनों पंचायत में चुनाव नहीं होंगे। सतघारा पंचायत में अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक सात प्रत्याशी ने नामजदगी के पर्चे दाखिल किए हैं। अध्यक्ष पद पर पचरूखी, बसहा, बरदाही-बरहारा तथा सोनमती पंचायत से दो-दो ने नामांकन दाखिल किए गए हैं। बसहा पंचायत से निवर्तमान अध्यक्ष कारी यादव के विरुद्व सुरेश कुमार महतो, पचरूखी से उपेन्द्र सिंह के विरुद्व सावित्री देवी, सोनमती से रामदयाल यादव के विरुद्व कैलाश सिंह ने नामांकन दाखिल किया है। सतघारा से निवर्तमान अध्यक्ष अहिभूषण झा के विरुद्व राजकुमार ठाकुर, साहेब कुमार मिश्र, रामविलास यादव, संजय कुमार झा, पंचू पासवान, सच्चिदानंद मिश्र मैदान में उतरे हैं। बरदाही बरहारा पंचायत से निवर्तमान अध्यक्ष ने दावेदारी नहीं पेश की है। पूर्व अध्यक्ष की शिवकुमार सिंह की पत्नी सीता देवी व अमीर कुमार महतो ने नामांकन किया है।