चार प्रखंडों में चाक-चौबंद सुरक्षा में भारी मतदान
जिले के सदर अनुमंडल के चार प्रखंडों में सोमवार को पैक्स चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
मधुबनी। जिले के सदर अनुमंडल के चार प्रखंडों में सोमवार को पैक्स चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। रहिका, राजनगर, बाबूबरही व पंडौल में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंडौल में सर्वाधिक 61.41 प्रतिशत मतदान हुआ। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदान में हिस्सा लिया। सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। हालांकि, कई बूथों पर मतदाताओं के निर्धारित समय तक लाइन में लगे होने के कारण इसके बाद भी वोटिग हुई। शाम पांच बजे के बाद वोटों की गिनती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। रहिका में 21 अध्यक्षों के लिए मतदान
रहिका : रहिका प्रखंड अंतर्गत आठ पैक्स अध्यक्ष पद समेत कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ। 8226 पैक्स मतदाताओं ने 21 अध्यक्ष पद की उम्मीदवारों का भाग्य का फैसला बैलेट बाक्स में बंद कर दिया। वोट का प्रतिशत 57.53 रहा। यहां 10 पैक्स मे दो पैक्स शंभुआर से विश्वजीत सिंह ऊर्फ मुन्ना और भौआड़ा से दिनेश यादव निर्विरोध चुने गए हैं। बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव ने बताया कि वोट समाप्ति के बाद बैलेट बॉक्स उच्च विद्यालय रहिका में बनाए गए मतगणना केंद्र पर लाया गया है। पंडौल के 14 पैक्सों के लिए बूथों पर उमड़े मतदाता
पंडौल : प्रखंड की कुल 14 पंचायतों में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर दिन भर बीडीओ महेश्वर पंडित, सीओ पंकज कुमार, बीएओ कन्हैया राम पंडौल थानाध्यक्ष अनोज कुमार, सकरी थानाध्यक्ष अशोक कुमार निगरानी करते रहे। बीडीओ ने बताया कि सोमवार को प्रखंड कुल 26 पंचायतों में से 14 पंचायतों में चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। यहां 18 पंचायतों में पैक्स चुनाव होने थे। मगर, नरपतिनगर पंचायत में कोरम पूरा नहीं होने की वजह से चुनाव स्थगित कर दिया गया था। बिरौल, सागरपुर व संकोर्थू में निर्विरोध पैक्स अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। संकोर्थू में लगातार तीसरी बार बेचन यादव निर्विरोध पैक्स अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। आज 14 पंचायतों में ही पैक्स चुनाव के लिए मतदान हुआ। इसके लिए 27 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिन पंचायतों में हुए वे हैं बथने, भौर, भवानीपुर, भगवतीपुर, बेलाही, पंडौल पूर्वी व पश्चिमी, दहिवत माधोपुर पूर्वी व पश्चिमी, सकरी पश्चिमी, श्रीपुर हाटी उत्तरी, दक्षिणी व मध्य पंचायत। मतदान का प्रतिशत 61.41 रहा। मतगणना का परिणाम देर रात आने की संभावना है। सुबह से मतदाताओं की लगी रही लाइन
राजनगर : प्रखंड क्षेत्र की 17 पंचायतों में सोमवार को चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण वातावरण में पैक्स चुनाव संपन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं थीं। छोटे-छोटे समूहों में मतदाता बूथ पर पहुंचते रहे। युवकों तथा बुजुर्ग वोटरों में उत्साह व उमंग देखा गया। वहीं मताधिकार का प्रयोग किये जाने में महिलाएं भी पीछे नहीं थीं। कुछ मतदान केंद्रों पर दर्जनों मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से विलोपित हो जाने की शिकायतें भी मिलीं। इधर, एसडीओ सदर सुनील कुमार सिंह, डीएसपी सदर कामिनी बाला, बीडीओ आशुतोष कुमार व थानाध्यक्ष अमृत कुमार साह ने सदल बल परिहारपुर,राघोपुर बलाट,रामपट्टी,महिनाथपुर समेत दर्जनों मतदान केंद्रों का जायजा लिया। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मतदान संपन्न हो जाने के बाद स्थानीय रामेश्वर जमा दो उच्च विद्यालय परिसर में पंचायतवार मतगणना का कार्य चलेगा। चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत 20 पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष तथा कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होना था। इसके सापेक्ष सिगियौन, रांटी तथा मंगरौनी दक्षिणी पंचायत में निर्विरोध पैक्स अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। बाबूबरही में 13 उम्मीदवारों का भाग्य बैलेट बॉक्स में बंद
बाबूबरही : प्रखंड क्षेत्र की पांच पंचायतों में पैक्स चुनाव मतदान भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। चुनाव में कुल 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो गया। सतघारा, सोनमती, बसहा, पचरूखी एवं बरदाही बरहारा में एक-एक पैक्स अध्यक्ष चुने जाएंगे। सतघारा में कुल सात प्रत्याशी जबकि अन्य सभी पंचायतों में इस पद के लिए दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अतिरिक्त सतघारा में अनुसूचित जाति पुरुष पद के दो, पचरूखी में अत्यंत पिछडा वर्ग पुरुष के एक, सोनमती में सामान्य पुरुष के तीन, पिछड़ा वर्ग पुरुष के एक व अनुसूचित जाति पुरुष के एक पद पर चुनाव हुआ है। बता दें कि पिरही व महेशवाड़ा पंचायत में नामांकित सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। निर्वाची पदाधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि मतगणना सोमवार रात में ही होगी। मंगलवार सूरज का पौ फटते ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाने की संभावना है।