भाजपा ने किया सीएचसी परिसर में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन
मधुबनी। हरलाखी मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं ने उमगांव स्थित सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चार
मधुबनी। हरलाखी मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं ने उमगांव स्थित सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चार दिवसीय विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया। शिविर की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने की। शिविर में भाजपा के मंडल महामंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी हरी मोदी, गौरीशंकर महतो व सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अजित कुमार सिंह सहित कई स्वास्थ्य कर्मी व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। शिविर में कार्यकर्ताओं ने लोगों को वैक्सीन का लाभ बताकर टीका लगाने के लिए जागरूक करने का कार्य शुरू किया है। यह कार्य चार दिनों तक जारी रहेगा। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार टीका केंद्रों पर शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमे वैक्सीन लगाने से कतराने वाले लोगों को टीका लगाने के लिए उत्साहित किया जा रहा है। शिविर में उपस्थित सीएचसी प्रभारी ने आमलोगों से कोरोना टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा वैक्सीन किसी भी रूप से नुकसानदायक नहीं है। रविवार को 170 से भी अधिक लोगों को टीका लगाया गया। मौके पर भाजपा नेता पलटन झा, संतोष कुमार महतो, रामबाबू यादव स्वास्थ्य कर्मी अशोक झा, मो. खालिद, योगेन्द्र पासवान, पूनम कुमारी, अनिल कुमार आदि थे।
हरलाखी में मिला एक कोरोना पॉजिटिव केस :
प्रखंड क्षेत्र के एक गांव में 30 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। युवक शनिवार के दिन पुराने केस के सिलसिले में बेनीपट्टी न्यायालय गया था। जहां कोर्ट परिसर में कोरोना जांच करने पर युवक पॉजिटिव पाया गया। पॉजिटिव रिपोर्ट मिलते ही युवक को डॉक्टरों की देख-रेख में होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई। वहीं उमगांव स्वास्थ्य केंद्र से युवक को दवा उपलब्ध करा दिया गया है। लेकिन युवक के घर को माइक्रो कंटेन्मेंट जोन नहीं बनाया गया है। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद भी युवक को बाजार में घूमते हुए देखा जा रहा है। बीडीओ अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि वरीय अधिकारी से कंटेन्मेंट जोन बनाने का निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। निर्देश मिलते ही पॉजिटिव युवक के घर को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया जायेगा।