मधुबनी में अशोक व झंझारपुर में रामप्रीत की जीत पर एनडीए में जश्न
झंझारपुर और मधुबनी दोनों लोकसभा क्षेत्रों में एनडीए ने जीत का परचम लहराया।
मधुबनी। झंझारपुर और मधुबनी दोनों लोकसभा क्षेत्रों में एनडीए ने जीत का परचम लहराया। मधुबनी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार यादव एवं झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार रामप्रीत मंडल ने रिकार्ड मतों से शानदार जीत दर्ज की। मधुबनी से भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार यादव ने वीआइपी उम्मीदवार बद्री कुमार पूर्वे को करीब 4.55 लाख मतों से पराजित किया। इस क्षेत्र से पूर्व केंद्रीय मंत्री व निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. शकील अहमद को तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। अशोक कुमार यादव को करीब 5.96 लाख, बद्री कुमार पूर्वे को करीब 1.41 लाख एवं डॉ. शकील अहमद को करीब 1.32 लाख वोट मिले। वीआइपी उम्मीदवार बद्री कुमार पूर्वे एवं निर्दलीय उम्मीदवार व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. शकील अहमद की जमानत तक जब्त हो गई। इस क्षेत्र से भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने में सफल रही। अशोक कुमार यादव पूर्व केन्द्रीय मंत्री व मौजूदा सांसद हुक्मदेव नारायण यादव के पुत्र हैं।
झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार रामप्रीत मंडल ने राजद उम्मीदवार गुलाब यादव को 3.22 लाख से भी अधिक मतों से पराजित किया। इस क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार विपिन कुमार सिंहवैत करीब 30 हजार मत लाकर तीसरे स्थान पर रहे। जबकि पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सजद-डी उम्मीदवार देवेन्द्र प्रसाद यादव की जमानत तक जब्त हो गई। रामप्रीत मंडल को करीब 6.02 लाख, गुलाब यादव को करीब 2.79 लाख एवं विपिन कुमार सिंहवैत को करीब 30 हजार मत मिले। हालांकि संवाद प्रेषण तक चुनाव परिणाम की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।
गौरतलब है कि कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित आरके कॉलेज मतगणना केन्द्र में सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ हुआ। पहला रूझान से ही मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार यादव एवं झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के जदयू उम्मीदवार रामप्रीत मंडल बढ़त बनाने में कामयाब रहे। इन दोनों उम्मीदवारों ने अंतिम राउंड की मतगणना तक लगातार बढ़त बनाए रखी। हालांकि झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में कुछ राउंड में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सजद-डी उम्मीदवार देवेन्द्र प्रसाद यादव तीसरे स्थान पर रहे। लेकिन बाद में तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार विपिन कुमार सिंहवैत ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया। मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री व निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. शकील अहमद एक-दो राउंड में दूसरे स्थान पर जा पहुंचे लेकिन, बाद में इन्हें तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। उक्त दोनों लोकसभा क्षेत्रों से जैसे ही एनडीए उम्मीदवार जीत हेतु निर्णायक बढ़त बना लेने में कामयाब हुए तो एनडीए कार्यकर्ता खुशी से उछलने लगे। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं आतिशबाजी कर जश्न मनाने लगे। साथ ही भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार यादव व जदयू उम्मीदवार रामप्रीत मंडल को फूलमाला से लाद कर जीत की बधाई भी देने लगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप