408 लाभार्थियों को आवास योजना का दिया गया कार्यादेश
घोघरडीहा नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में नगरपालिका प्रशासन द्वारा बहुद्देशीय मेगा शिविर का आयोजन किया गया।
मधुबनी, जेएनएन। घोघरडीहा नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में नगरपालिका प्रशासन द्वारा बहुद्देशीय मेगा शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य पार्षद अनिल कुमार मंडल, उप मुख्य पार्षद ध्रुव कुमार झा तथा ईओ पुष्कर कुमार पुष्प ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में 408 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्यादेश दिया गया। वहीं सौ से अधिक के खातों में भुगतान भी किया गया। मुख्य पार्षद ने कहा कि शिविरों के आयोजन से सरकारी कार्यक्रमों की पारदर्शिता और तत्परता सुनिश्चित होती है। उन्होंने कूड़ेदान वितरण करते समय लोगों को समझाया कि वे इनका समुचित उपयोग करें। साथ ही उन्होंने नागरिकों को समय पर होल्डिग टैक्स चुकाने की भी सलाह दी। ताकि, नगरपालिका की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। उपमुख्य पार्षद ध्रुव कुमार झा ने कहा कि पीएम आवास के लाभुकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत प्रति परिवार दो-दो कूड़ेदान उपलब्ध उपलब्ध करवाया गया है। इसका इस्तेमाल घर का सूखा एवं गिला कचरा रखने में करना है। नपं कर्मी उनसे संग्रह करेगा। कार्यपालक पदाधिकारी पुष्कर कुमार पुष्प ने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा स्वीकृत 1281 लाभुकों में 108 लाभुकों के खाते में पहली किस्त की राशि के रूप में 50 हजार रुपये जमा हो गए हैं। स्वच्छ एवं सुंदर नगर पंचायत बनाने के लिए के सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने जल संरक्षण और ऊर्जा की खपत कम करने पर जोर दिया। शिविर में नगर पंचायत पूर्व मुख्य पार्षद सह वार्ड पार्षद शंकर झा, वार्ड पार्षद संगीता देवी, श्यामा कुमारी, सुनीता देवी, परमेश्वर पासवान, उर्मिला देवी से भी कार्यादेश का वितरण कराया गया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित पीएम आवास के लाभुकों के अलावा पूर्व वार्ड आयुक्त बेचन मंडल पार्षद अरविंद मंडल, समाजसेवी प्रवीण कुमार भारती आदि मौजूद थे।