माता जानकी व प्रभु श्रीराम का विवाहोत्सव आज, जनकपुरधाम में हर तरफ उत्साह
जनकपुरधाम (नेपाल)। माता जानकी व प्रभु श्रीराम का विवाहोत्सव रविवार को मनाया जाएगा। पूरा जनकपुरधाम श्रद्धा-भक्ति व उत्साह के अनंत सागर में डूबा हुआ है।
जनकपुरधाम (नेपाल)। माता जानकी व प्रभु श्रीराम का विवाहोत्सव रविवार को मनाया जाएगा। पूरा जनकपुरधाम श्रद्धा-भक्ति व उत्साह के अनंत सागर में डूबा हुआ है। हर तरफ तैयारी ऐसी कि मानो जनकपुरधाम में स्वर्ग की अनुभूति हो रही है। सीता-राम विवाह पंचमी महोत्सव के अवसर पर शनिवार को पांचवें दिन मटकोर पूजन विधि-विधान के साथ पूरा हुआ। जानकी मंदिर से माता सीता की झांकी गाजे-बाजे के साथ जनकपुरधाम के गंगासागर पहुंची। जहां मटकोर की रस्म हुई। मिथिला की परंपरा के अनुसार, विभिन्न प्रकार के पारंपरिक गीत-संगीत के बीच रस्म की अदायगी हुई। गंगासागर से मिट्टी खोदने और माता जानकी के रूप में विवाह वेदी पर उसी मिट्टी का उपयोग करने की प्रथा है। इससे पहले शहर का दर्शन, फुलवारी लीला, धनुष यज्ञ और तिलकोत्सव कार्यक्रम किया गया था। मटकोर पूजन रस्म जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत और विवाह पंचमी महोत्सव मूल समिति के अध्यक्ष रामरोशन दास वैष्णव की अगुवाई में संपन्न हुआ। मटकोर के बाद गंगासागर में हर दिन होने वाली महागंगा आरती अनुष्ठान के तहत विशेष गंगा आरती भी पूरी की गई है। कार्यक्रम में अयोध्या से आए आगंतुकों ने भी भाग लिया। मटकोर पूजन में गंगासार क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विशेष रूप से जनकपुरधाम में गंगासार को सजाने का काम विशेष रूप से किया गया है। मटकोर कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारी महागंगा आरती महा अभियानी व प्रदेश नम्बर-2 के विधायक रामाशीष यादव ने किया। कार्यक्रम में नेपाल के संघीय सासंद जूलि महतो, जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका की उपमेयर रीता झा, नेपाली कांग्रेस धनुषा के उपसभापति संतोष यादव भी शामिल हुए।