अगस्त क्रांति दिवस पर निकाला जाएगा जनाक्रोश मार्च : देवेंद्र
मधुबनी। समाजवादी जनता दल-डेमोक्रेटिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव ने अगस्त क्रांति दिवस पर 09 अगस्त को अपराध मुक्त बिहार बनाने एवं बाढ़-सुखाड़ के स्थाई समाधान की मांग को लेकर जन आक्रोश मार्च का ऐलान किया है।
मधुबनी। समाजवादी जनता दल-डेमोक्रेटिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव ने अगस्त क्रांति दिवस पर 09 अगस्त को अपराध मुक्त बिहार बनाने एवं बाढ़-सुखाड़ के स्थाई समाधान की मांग को लेकर जन आक्रोश मार्च का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जान बचाओ-जुल्म मिटाओ अभियान के तहत पहले चरण में अगस्त क्रांति दिवस पर मधुबनी जिला मुख्यालय में जलधारी चौक से जन आक्रोश मार्च निकाला जाएगा, जो समाहरणालय के समक्ष आकर महाधरना में तब्दील हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मधुबनी जिले जब तक अपराधमुक्त नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा। इस आंदोलन में दलगत भावना एवं मजहब की भावना से ऊपर उठकर लोगों से सहयोग करने का भी आह्वान किया। जिला मुख्यालय स्थित सजद-डी के जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि पुलिस व अपराधी गठजोड़ से न केवल राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की हत्या एक साजिश के तहत की जा रही है, बल्कि स्वच्छ व निष्पक्ष पत्रकारिता करने वालों को भी निशाना बनाया जाने लगा है। लेकिन ऐसे हत्यकांडों के मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में शासन-प्रशासन नाकाम रही है। उन्होंने पूर्व मुखिया सत्य नारायण यादव, जेपी सेनानी विदेश्वर बाबा, विशेश्वर यादव, मो. सद्दाम हत्याकांड समेत मधुबनी जिले में हुई कई हत्याकंडों, पत्रकार प्रदीप मंडल, पूर्व मुखिया पवन यादव पर जानलेवा हमला का जिक्र करते हुए कहा कि मधुबनी जैसे शांत जिला में इस तरह के वारदातों का सिलिसला शासन-प्रशासन के मुंह पर तमाचा है। शासन-प्रशासन न तो आपराधिक वारदात रोकने में सक्षम हो रही है और न ही बाढ़-सुखाड़ का स्थाई समाधान करने में ही सफल हो रही है। उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आखिर कब तक शासन-प्रशासन बाढ़-सुखाड़ के नाम पर राहत नाम का मरहम पीड़ितों के जख्म पर लगाती रहेगी। उन्होंने बाढ़-सुखाड़ के स्थाई समाधान के लिए नेपाल के बराह क्षेत्र में नूनथर, शीशापानी, सप्तकोशी में हाईडैम बनाने की वकालत करते हुए कहा कि इससे दस हजार मेगावाट बिजली का भी उत्पादन हो सकेगा और बाढ़-सुखाड़ का स्थाई समाधान भी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ पूर्व तैयारी के नाम पर पानी की तरह पैसा बहाकर भी लोगों को बाढ़ की विभिषिका से नहीं बचाया जा सका। उन्होंने कहा कि जब लोगों की जान की हिफाजत में शासन-प्रशासन विफल साबित हो रही है तो बिना आपराधिक छवि वाले संभ्रांत नागरिकों को आर्म्स रखने की छूट दे दी जाए। लोग अपनी सुरक्षा खुद कर लेंगे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री यादव ने जम्मू-कश्मीर से संबंधित ताजा मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान की धारा-3 का खुला उल्लंघन कर असंवैधानिक व अलोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई गई है। जो स्वस्थ्य लोकतांत्रिक परंपरा के लिए सही नहीं है। विपक्षी दलों को भी विश्वास में लेकर ससंद में बिल लाना चाहिए था। प्रेसवार्ता में सजद-डी जिलाध्यक्ष सुरेश चन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक राम कुमार यादव, सुनील कुमार मंडल, हाजी मो. इदरीश, आजाद गुप्ता, कैलाश सिंह, सुधीर चौधरी, मो. औसाफ लड्डन समेत पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता थे।