जिले के 21 में से 18 प्रखंडों में पहुंचा कोरोना
मधुबनी। जिले के अधिकतर प्रखंड कोरोना की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को लौकही प्रखंड में कोरोना के चार मामले सामने आए।
मधुबनी। जिले के अधिकतर प्रखंड कोरोना की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को लौकही प्रखंड में कोरोना के चार मामले सामने आए। यह प्रखंड अब तक कोरोना से बचा हुआ था। इस तरह जिले के 21 में से 18 प्रखंड इस बीमारी के दायरे में आ गए हैं। अंधराठाढ़ी, हरलाखी व बिस्फी में अब तक एक भी मामला सामने नहीं आया है।
बासोपट्टी में सर्वाधिक संक्रमित
पिछले एक सप्ताह में कोरोना मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। इसमें सबसे अधिक बासोपट्टी में संक्रमित सामने आए हैं। जबकि इस प्रखंड में काफी देर से मामला सामने आया था। वहीं आज पंडौल में सबसे अधिक मामला सामने आया है। शुक्रवार को भी पंडौल के दो युवकों को पॉजिटिव पाया गया था। ये दोनों युवक प्रखंड की दो अलग-अलग पंचायतों के निवासी हैं। एक सरिसब पाही पश्चिमी पंचायत के नवटोल का रहने वाला है । वह कोलकाता से आया था। एक रात घर पर स्वजनों के बीच रहा था। दूसरे दिन स्थानीय मुखिया राम बहादुर चौधरी के दबाव में वह ब्रह्मोत्तरा स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय स्थिथ प्रखंड क्वरंटाइन कैंप में गया था। जहां उसे बुखार की शिकायत हुई थी। इसके बाद उसका सैंपल जांच के लिए लिया गया था। दूसरा युवक नरपतिनगर पंचायत के डीहटोल का रहने वाला है। वह मुंबई से सीधे प्रखंड क्वारंटाइन कैंप आया था। बुखार की शिकायत होने पर उसका सैंपल लिया गया था। वहीं शनिवार को भगवतीपुर पंचायत के पांच प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।