प्रेम प्रसंग का मामला पहुंचा थाने, दोस्त संग प्रेमी गया जेल
मधुबनी। प्रेम प्रसंग का मामला आखिरकार प्राथमिकी तक पहुंच गया। प्रेमिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई तो पुलिस ने प्रेमी को उसके दोस्त समेत जेल भेज दिया।
मधुबनी। प्रेम प्रसंग का मामला आखिरकार प्राथमिकी तक पहुंच गया। प्रेमिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई तो पुलिस ने प्रेमी को उसके दोस्त समेत जेल भेज दिया। घटना थाना क्षेत्र के नवटोल धनौजा गांव की है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने एक लड़की की शादी सुंदर विराजित गांव निवासी प्रकाश कुमार के साथ करा दी। पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही लड़का-लड़की को थाने पर लाया गया। थाना पहुंच प्रकाश कुमार ने लड़की को छोड़ने की बात कही। उसके परिवार वाले भी लड़की को साथ रखने पर राजी नहीं थे। लड़का व लड़की पक्ष के लोगों के बीच घंटों बातचीत के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बन पाई। इसके बाद लड़की ने थाने में लिखित शिकायत कर दी। लड़की ने अपने आवेदन में बताया कि प्रकाश के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी क्रम में गुरुवार की शाम प्रकाश अपने दो दोस्तों विकास कुमार व प्रमोद ठाकुर के साथ लड़की से मिलने उसके गांव पहुंचा। लड़की के भाई ने उन्हें देख लिया और तीनों को पकड़ने का प्रयास करने लगा। इस क्रम में सुपौल जिला के परसौनी निवासी विकास कुमार भागने में सफल रहा। जबकि, मधेपुर थानाक्षेत्र के सुंदर विराजित निवासी प्रकाश व उसका दोस्त प्रमोद पकड़ में आ गए। इसके बाद लड़की वालों ने प्रकाश की शादी महादेव मंदिर पर कई लोगों की उपस्थिति में करा दी गई। लेकिन, शादी के बाद भी प्रकाश लड़की को अपने साथ रखने को तैयार नहीं हुआ। लड़की की ओर से आवेदन मिलते ही थानाध्यक्ष महफूज आलम ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों लड़कों को जेल भेज दिया। इधर, इस शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।