मधुबनी में लगी भाजपा की जीत की हैट्रिक
मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने में सफल रही।
मधुबनी। (राम प्रकाश चौरसिया) मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने में सफल रही। इस लोकसभा क्षेत्र में पहली बार किसी दल ने जीत की हैट्रिक लगाई है। इस बार इस क्षेत्र का चुनाव परिणाम भी रिकार्ड मतों से हुआ। अब तक जीतने के लिए जितना मत लाने की जरूरत भी नहीं होती थी, उससे काफी बड़े अंतर से भाजपा ने इस बार जीत दर्ज की। इस क्षेत्र में विजेता को छोड़कर शेष सभी 16
उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार यादव ने रिकार्ड 4,54,940 मतों के अंतर से जीत दर्ज करने में सफल रहे। अशोक कुमार यादव को कुल 5,95,843 मत मिले। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी वीआइपी उम्मीदवार बद्री कुमार पूर्वे महज 1,40,903 मतों पर सिमटकर अपनी जमानत तक गंवा बैठे। वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री व निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. शकील अहमद 1,31,530 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर ही सिमटकर रह गए। अशोक कुमार यादव पहली बार लोकसभा चुनाव लड़े और जीत का परचम लहराने में सफल रहे। हालांकि ये केवटी विधान सभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने जा चुके हैं। अशोक कुमार यादव के पिता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा मौजूदा सांसद हुक्मदेव नारायण यादव इस क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लगातार दो बार 2009 एवं 2014 में सांसद चुने गए थे। इस बार इनके पुत्र अशोक कुमार यादव चुनाव मैदान में थे।
वहीं झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार रामप्रीत मंडल ने राजद उम्मीदवार गुलाब यादव को 3,22,429 मतों के रिकार्ड अंतर से पराजित किया। रामप्रीत मंडल को 6,01,597 मत तो गुलाब यादव को 2,79,168 मत मिले। निर्दलीय उम्मीदवार विपिन कुमार सिंहवैत 29,504 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सजद-डी उम्मीदवार देवेन्द्र प्रसाद यादव तीसरे स्थान से भी नीचे खिसक गए। इस क्षेत्र में विजेता एवं निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को छोड़कर शेष सभी 15 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। रामप्रीत मंडल पहली बार लोकसभा चुनाव लड़े और जीत दर्ज करने में सफल रहे। वर्तमान में ये खुटौना के प्रमुख हैं। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार व झंझारपुर के विधायक गुलाब यादव पहली बार लोकसभा चुनाव लड़े और इन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।
यहां उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मधुबनी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार हुक्मदेव नारायण यादव 3,58,040 मत प्राप्त कर जीत गए थे। जबकि इस बार उनके पुत्र अशोक कुमार यादव 4,54,940 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। बता दें कि 2014 में मधुबनी में भाजपा को 41.61 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। वहीं 2019 में 61.89 फीसदी मत प्राप्त हुए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप