जिले में आ सकते 50 हजार प्रवासी, सभी के रहने की हो रही व्यवस्था
मधुबनी। डीएम डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे व एसपी डॉ. सत्य प्रकाश ने बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में बने सौ बेड के आइसोलेशन सेंटर का निरीक्षण किया।
मधुबनी। डीएम डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे व एसपी डॉ. सत्य प्रकाश ने बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में बने सौ बेड के आइसोलेशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सैंपल कलेक्शन के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। डीएम ने कहा कि जिला में 50 हजार प्रवासियों के आने की संभावना है। उनके आवासन के लिए विद्यालय, कॉलेज में क्वारंटाइन सेंटर बनाया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर निजी विद्यालयों को भी क्वारंटाइन सेंटर बनाया जाएगा।
डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर घबराएं नहीं। सतर्कता बरतने की जरूरत है। थोड़ी सी चूक बड़े खतरे में डाल सकती है। इसलिए सावधानी रखनी है। बाहर से आ रहे प्रवासियों को हर हाल में क्वारंटाइन करवाना है। शारीरिक दूरी का पालन हर हाल में क्षेत्र में कराएं। मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। लोगों का समय-समय पर साबुन पानी से हाथ को धोने व मास्क पहनने को लेकर जागरूकता जरूरी है। इसलिए लॉकडाउन का पालन करें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलें।
एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने कहा कि पुलिस लोगों की सेवा में दिन रात लगी हुई है। लॉकडाउन के पालन में पुलिस को सहयोग करें। अनावश्यक रूप से लॉकडाउन में घर से बाहर नहीं निकलें। एसडीएम मुकेश रंजन ने डीएम को कोरोना वायरस की संक्रमण से निपटने व बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों एवं छात्रों को रखने के लिए डॉ. एनसी कॉलेज व मध्य विद्यालय एवं श्री लीलाधर उच्च विद्यालय, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में बने क्वारंटाइन सेंटर के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान डीएसपी अरुण कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, पीएचसी के प्रभारी डॉ. एसएन झा, डॉ. पीएन झा, बीडीओ मनोज कुमार, पुनि सह थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह, स्वास्थ्य प्रबंधक राजेश रंजन सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।