झंझारपुर एएनएम स्कूल में और 13 कोरोना मरीज भर्ती
मधुबनी। जिले में अब तक मिले सभी 18 कोरोना मरीजों को झंझारपुर के एएनएम स्कूल के आइसोलेशन सह इलाज सेंटर में भर्ती किया गया है।
मधुबनी। जिले में अब तक मिले सभी 18 कोरोना मरीजों को झंझारपुर के एएनएम स्कूल के आइसोलेशन सह इलाज सेंटर में भर्ती किया गया है। इस सेंटर पर शुक्रवार को जिला क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मिले सभी 13 मरीजों को भर्ती किया गया। इसमें झंझारपुर एवं राजनगर से चार-चार, जयनगर से तीन व कलुआही से दो मरीजों को भर्ती कराया गया है। इसमें से शुक्रवार देर रात को 11 एवं शनिवार को दो मरीजों को भर्ती किया गया।
मालूम हो कि बीते सोमवार को जिला क्षेत्र में मिले पांच कोरोना मरीज पूर्व से ही यहां इलाजरत हैं। संपूर्ण जिला क्षेत्र में मिले कोरोना मरीजों को जिला मुख्यालय में ना रख कर झंझारपुर सेंटर पर रखे जाने से स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य महकमा के साथ ही जिला प्रशासन के प्रति आक्रोश है। प्रशासन के इस फैसले से अनुमंडल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोग इस फैसले को क्षेत्र के लिए घातक मान रहे हैं। इस सेंटर की व्यवस्था को देखा जाए तो यहां बेहतर इलाज की व्यवस्था नहीं है। कुछ चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी ही नजर आते हैं। सैनिटाइजर और मास्क के सहारे इस सेंटर पर मौजूदा हालात से जूझ रहे हैं। इस सेंटर में इलाज व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर अनुमंडल अस्पताल के डीएस डॉ. किशोर चंद्र चौधरी बताते हैं कि यहां भर्ती कराए गए अब तक 18 कोरोना मरीजों में किसी प्रकार का लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। लक्षण दिखने पर यहां कफ और बुखार का इलाज दवा चलाकर किया जा सकता है। तबियत ज्यादा खराब होने पर उसे डीएमसीएच अथवा पीएमसीएच रेफर किया जाएगा। यहां इलाज की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। वहीं सेंटर पर मौजूद डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सभी मरीजों के खान-पान की उचित व्यवस्था है।