जिले की चार प्रखंडों में कम हो गए 11 ग्राम पंचायत
मधुबनी । जिले की चार प्रखंडों में 11 ग्राम पंचायत कम हो गई है।
मधुबनी । जिले की चार प्रखंडों में 11 ग्राम पंचायत कम हो गई है। शहरी निकायों में कई ग्राम पंचायतों का संपूर्ण भाग तो कई ग्राम पंचायतों का अंश भाग शामिल किए जाने से ग्राम पंचायतों की संख्या में कमी आई है। नगर परिषद, मधुबनी को उत्क्रमित कर नगर निगम बनाए जाने और बेनीपट्टी एवं फुलपरास के नाम से नए नगर पंचायत गठित किए जाने से जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या में कमी आई है। राजनगर प्रखंड में ग्राम पंचायतों की संख्या 25 से घटकर 22 रह गई है। राजनगर प्रखंड क्षेत्र में अब रांटी, मंगरौनी दक्षिण एवं महिनाथपुर पंचायत नहीं रह गया है। इन पंचायतों में से रांटी एवं मंगरौनी दक्षिण पंचायत का संपूर्ण भाग एवं महिनाथपुर पंचायत का अंश भाग उत्क्रमित नगर निगम में शामिल होने से राजनगर प्रखंड में पंचायतों की संख्या 25 से घटकर 22 रह गई है। राजनगर प्रखंड से अब रांटी, मंगरौनी दक्षिण एवं महिनाथपुर ग्राम पंचायत बाहर होकर शहरी निकाय में शामिल हो गया है।
रहिका प्रखंड में भी ग्राम पंचायतों की संख्या 22 से घटकर अब 18 रह गई है। रहिका प्रखंड से भौआड़ा, सप्ता, बसुआड़ा एवं भच्छी ग्राम पंचायत बाहर होकर नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो गया है। जिस कारण इन चारों पंचायतों का अस्तित्व रहिका प्रखंड में समाप्त हो गया है। हालांकि नगर निगम क्षेत्र में रहिका प्रखंड की नाजिरपुर, जगतपुर व शंभुआड़ ग्राम पंचायतों के अंश भाग को भी शामिल किया गया है।
बेनीपट्टी प्रखंड में भी ग्राम पंचायतों की संख्या 33 से घटकर 31 रह गई है। बेनीपट्टी प्रखंड की बेहटा एवं बेनीपट्टी पंचायत को नवगठित नगर पंचायत बेनीपट्टी में शामिल किया गया है। जिस कारण इस प्रखंड में भी बेनीपट्टी एवं बेहटा ग्राम पंचायत का अस्तित्व समाप्त हो गया है। नवगठित बेनीपट्टी नगर पंचायत में बनकट्टा्, कटैया व बेतौना ग्राम पंचायतों के अंश भाग को भी शामिल किया गया है।
फुलपरास प्रखंड में भी ग्राम पंचायतों की संख्या 14 से घटकर 12 रह गई है। इस प्रखंड की फुलपरास एवं सिसवाबरही ग्राम पंचायतों को नवगठित नगर पंचायत फुलपरास में शामिल किया गया है। जिस कारण इस प्रखंड से इन दोनों पंचायत का अस्तित्व समाप्त हो गया है। हालांकि नवगठित नगर पंचायत फुलपरास में रामनगर पंचायत के अंश भाग को भी शामिल किया गया है। इस प्रकार जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या 399 से घटकर अब 388 रह गई है। जिले में ग्राम पंचायतों की कुल वार्डों की संख्या भी घटकर अब 5,358 रह गई है। पहले जिले में ग्राम पंचायतों की वार्डों की कुल संख्या 5,523 थी।