कंचन के मोबाइल से खुलेगा राज, दोस्त पर हत्या करने की आशंका
मधेपुरा। सदर अस्पताल में निजी एजेंसी के तहत गार्ड के रूप में कार्यरत कंचन के मोबाइल से कई र
मधेपुरा। सदर अस्पताल में निजी एजेंसी के तहत गार्ड के रूप में कार्यरत कंचन के मोबाइल से कई राज खुलने की उम्मीद है। पुलिस जांच में जुट गई है। हत्या या आत्महत्या इस बिदु पर पुलिस काम कर रही है। यद्यपि हत्या के बाद एक लड़के की बेचैनी सबको खटक रही है।
बताया गया कि वह पहले सदर अस्पताल में ही काम करता था। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी थी। महिला गार्ड के भाई की शादी में भी वह गया था। यहीं नहीं दाह संस्कार में भी वह पहुंचा था, लेकिन अब तक पुलिस के पकड़ में नहीं आया है।
मालूम हो कि शनिवार को सदर अस्पताल में प्राइवेट एजेंसी के तहत गार्ड के रूप में कार्यरत कंचन कुमारी का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला था। कंचन रतनपट्टी वार्ड संख्या तीन के चंदेश्वरी मंडल की पुत्री थी। वह मधेपुरा सीएम साइंस कॉलेज के बगल एक एक किराए के रूम (लॉज) में रहकर सदर अस्पताल में ड्यूटी करती थी। वह दो साल से गार्ड की नौकरी कर रही थी। यहां उसे किराए का मकान एक दोस्त ने अपने नाम से दिलाया था।
कंचन के बड़े भाई पंकज मंडल ने बताया कि 24 मई को शादी में शामिल होने घर आई थी। पुन: 28 मई की शाम मधेपुरा चली गई थी। 29 मई को उसकी मौत की खबर मिली। पंकज मंडल ने अपनी बहन की हत्या को लेकर एक व्यक्ति को नामजद कर मामला दर्ज कराया है। इधर मौत के बाद घर में मातमी माहौल कायम है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
कन्यादान के बदले पिता को देनी पड़ी बेटी की चिता को आग
कंचन के कन्यादान की उम्मीद पाले चंदेश्वरी मंडल की बेटी की चिता को आग देनी पड़ी। रविवार को वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे। कंचन की मां बेटी को मारकर लटका देने की बात कह रही थी। स्वजनों ने इस घटना की उच्च पदाधिकारी द्वारा जांच करने की मांग की है। अब देखना यह है कि कंचन मामले में पुलिस कितना वक्त लगाती है।