कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होते ही लापरवाह हुए लोग
मधेपुरा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होते ही लॉकडाउन में मिली छूट से आमलोग लापरवाह होने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही प्रखंड मुख्यालय में भी बीते तीन दिनों से मुख्य बाजार में काफी भीड़ देखी जा रही है।
मधेपुरा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होते ही लॉकडाउन में मिली छूट से आमलोग लापरवाह होने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही प्रखंड मुख्यालय में भी बीते तीन दिनों से मुख्य बाजार में काफी भीड़ देखी जा रही है। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी की जा रही है। बिना मास्क के भी लोग बाजार में घूम रहे हैं। शारीरिक दूरी की भी अनदेखी की जा रही है।
मालूम हो कि लॉकडाउन-4 में सरकारी निर्देशानुसार अब कपड़े, जूते-चप्पल, सौंदर्य प्रसाधन, मिठाई व नाश्ता की दुकानें वैकल्पिक व्यवस्था के तहत खुल रही है। दूसरी ओर बीडीओ विरेंद्र कुमार, सीओ रामावतार यादव व थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दास वैक्सीनेशन को गति देने व मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना गाइडलाइन अनुपालन के लिए लगातार आमलोगों को जागरूक कर रहे हैं।
प्रशासनिक सख्ती का दिखा असर
मधेपुरा। लॉकडाउन को लेकर जारी निर्देश का पालन कराने को लेकर प्रशासन के द्वारा सख्ती दिखाई गई। प्रशासनिक सख्ती का असर बाजार में देखने को मिला। प्रशासन की ओर से निर्धारित की गई समय सीमा के मुताबिक दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद कर दिया। मुख्य बाजार चौसा, गांधी चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कलासन, भटगामा, अरजपुर, फुलौत सहित अन्य जगहों पर प्रशासनिक निर्देश का असर देखा गया। पुरैनी में एक व्यक्ति मिला संक्रमित मधेपुरा। प्रखंड क्षेत्र में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। स्वास्थ्य प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि 144 लोगों की एंटीजन जांच की गई। इसमें एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
मिशन आरोग्य रक्षक विशेष अभियान के तहत 10 लाख लोगों को जागरूक करेगी अभाविप
मधेपुरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा मिशन आरोग्य रक्षक का विशेष अभियान चलाया गया है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ता टीम बनाकर थर्मल गन, ऑक्सीमीटर, मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया जा रहा है। इस मुहिम में कार्यकर्ता आस-पास के क्षेत्रों में ग्रामीणों की जांच कर उन्हें जागरूक कर रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों को वैक्सीनेशन के लिए अनुरोध कर रहे हैं। इस मुहिम में लगे अभाविप के शोध कार्य सह प्रमुख रंजन यादव व जिला संगठन मंत्री उपेंद्र कुमार भरत तथा नगर मंत्री विश्वजीत पीयूष ने कहा कि इस पूरे विपरीत परिस्थिति में अभाविप ने ग्रामीण क्षेत्रों को भी आरोग्य बनाने का संकल्प लिया है। सभी लोग मास्क का नियमित उपयोग करें तथा शारीरिक दूरी का पालन करें। इसके साथ ही वैक्सीन को लेकर चल रहे अफवाह पर ध्यान न देते हुए सभी वैक्सीन लगाएं। इस मुहिम में अभाविप के प्रदेश सह मंत्री अभिषेक यादव व जिला संयोजक अमोद आनंद ने कहा कि यह महामारी की दूसरी लहर है। तीसरी लहर की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसे में अपने सेवा कार्य को गति देते हुए मिशन आरोग्य रक्षक प्रारंभ किया गया है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य समीक्षा यदुवंशी, नीतीश यादव, राजू सनातन ने कहा कि इसमें पूरे बिहार से लगभग 10 लाख लोगों और दस हजार गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य है। इस अभियान में प्रमुख रूप से अक्षय कुमार, विक्की विनायक, आलोक कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हैं।