मनरेगा पीओ के खिलाफ आंदोलन करेगा मुखिया संघ
मधेपुरा। प्रखंड मुखिया संघ ने कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) सतीशचंद्र आनंद के तानाशाही व मनम
मधेपुरा। प्रखंड मुखिया संघ ने कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) सतीशचंद्र आनंद के तानाशाही व मनमानी के रवैये से उग्र होकर आन्दोलन करने का निर्णय लिया। इस मामले में मुखिया संघ अध्यक्ष अरविन्द अमर के निवास पर बुधवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम पदाधिकारी के द्वारा मुखिया और जनप्रतिधियों के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किए जाने, योजना संचालन में रिश्वत की मांग करने, ऊंची पहुंच और पैरवी के बदौलत फर्जी तरीके से फंसाने एवं अन्य धमकी देने के विरोध में पीओ का स्थानांतरण कराने की मांग का निर्णय लिया। इस दौरान पीओ के लालफीताशाही रवैये के मनरेगा योजना में सामग्री की राशि का भुगतान में नियमावली को ताक पर रखकर किया गया है। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का वर्ष 2017-18, 2018-19 एवं 2019-20 का सामग्री राशि भुगतान किया जाना था। लेकिन इनके द्वारा कुछ पंचायत को वर्ष 2019- 20 का राशि उपलब्ध करा दिया। इसमें मोटी रकम लेकर राशि आवंटन करने की आशंका व्यक्त की जा रही है। बैठक में संघ के अध्यक्ष अरविन्द अमर ने पीओ पर पशु शेड निर्माण कार्य अपूर्ण रहने के बावजूद आधा दर्जन से अधिक लाभूकों का राशि भुगतान करने का आरोप लगाया। इनका कहना है कि मनरेगा कार्यान्वयन में उनके द्वारा जानबुझकर अड़ंगा लगाया जाता है। इससे विकास कार्यो को कराना संभव नहीं है। एक सप्ताह के अंदर वरीय पदाधिकारी पीओ का स्थानांतरण नहीं करता है, तो आन्दोलन तेज किया जाएगा। यह मुद्दा जिला से लेकर प्रदेश तक ले जाया जायेगा। इसके बाद संघ ने उग्र होकर पीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुरुवार को एसडीएम उदाकिशुनगंज से मिलने पर चर्चा की गई। मौके पर मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष विजय मेहता, महबूब आलम, मु. शकील उर्फ पुन्ना, भूषण यादव, फुलचंद दास, संजय दास, राजेश कुमार, डा. मुख्तार एवं अन्य उपस्थित थे।