महिलाओं को बीमारी से बचाव को ले किया गया जागरूक
फोटो - 21 एमएडी 54 प्रखंड के कुमारपुर गांव में चलाया गया जागरूकता अभियान ----------------
मधेपुरा। उदाकिशुनगंज प्रखंड के कुमारपुर गांव में गुरुवार को स्वच्छ नारी, स्वस्थ नारी कार्यक्रम के तहत महिलाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में तीन सौ से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं को बीमारियों से बचाव के लिए जानकारी दी गई। संस्था के प्रवक्ता रेणुका ने कहा कि सफाई मात्र से कई तरह की बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि संस्थान बिहार, हरियाणा, झारखंड, जम्मू कश्मीर, दिल्ली आदि राज्यों में पिछले कई वर्षो में हजारों महिलाओं को जागरूक कर चुकी है। संस्था के प्रवक्ता ने कहा कि आजादी के सात दशक गुजर जाने के बाद भी लगभग 80 से 90 प्रतिशत महिलाएं सेनेटरी नैपकिन का इस्तेमाल नहीं करती हैं। इस विभत्स आंकड़ों को देखते हुए महिलाओं में जागरूकता जरूरी है। ताकि आधी आबादी को सेर्विकल कैंसर, तनाव, संक्रमण, गर्भपात जैसी कई बीमारियों की चपेट में जाने से बचाया जा सके। जागरूकता अभियान के सफल आयोजन में पूर्व मुखिया उपेंद्र मेहता, गणेश मंडल, कुशिकला, सोना कुमारी, मिशन कुमार, ललिता सिन्हा, रीता देवी, महेश कुमार सहित कई लोगों की भूमिका अहम रही।