भोजन में कीड़े मिलने पर स्वास्थ्य केंद्र में हंगमा
मधेपुरा। आलमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की दोपहर प्रसूता के भोजन में कीड़े मिलन
मधेपुरा। आलमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की दोपहर प्रसूता के भोजन में कीड़े मिलने से स्वजनों ने जमकर बवाल काटा। सरकार द्वारा अस्पताल में मुहैया भोजन में मंगलवार को दो प्रसूता को एक रोटी, चावल, दाल और आलू का भुजिया दिया गया था। दाल में कीड़े मिलने को लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश कुमार चौधरी, बीएचएम नाजिर हुसैन आदि पहुंच कर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजनों के द्वारा प्रखंड प्रमुख नकुल देव पासवान को घटना की सूचना दी। सूचना पर प्रखंड प्रमुख नकुल देव पासवान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर भोजन का जायजा लिया। इस दौरान भोजन में कीड़े मिलने का आरोप सही पाया गया। इसके बाद उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी को प्रखंड प्रमुख ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। प्रसव के लिए पहुंचे आलमनगर दक्षिणी पंचायत की महिला प्रीति देवी और मधेली सिंहार की महिला बसंती देवी को उक्त भोजन दिया गया था। भोजन में कीड़े रहने के कारण भोजन नहीं खाया। इतना ही नहीं प्रसूता के भोजन में कीड़े मिलने के बाद उसके भोजन की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कराया। जबकि प्रखंड प्रमुख के जांच में सात प्रसूता का नाम अंकित मिला। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने संवेदक के लोगों द्वारा लापरवाही बरतने की बात करते हुए कार्रवाई की बात कही है। वहीं प्रखंड प्रमुख ने स्वास्थ्य केंद्र का जब निरीक्षण किया तो स्वास्थ्य केंद्र में न तो एक भी एंबुलेंस कार्यरत था। वहीं किसी भी बेड पर चादर भी नहीं पाया गया। इतना ही नहीं प्रसव रूम के बाहर गंदगी का भी अंबार मिला। मौके पर मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि सारी व्यवस्था को देखते हुए सुधार की जाएगी। मौके पर मौजूद प्रखंड प्रमुख ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को महीना में अधिकांश दिन गायब रहने की बात कहते हुए बार-बार मरीजों के साथ लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।