धनतेरस पर लोगों ने की जरूरत के सामान की खरीदारी
मधेपुरा। धन-संपदा सुख-समृद्धि प्रकाश व दीपों के पांच दिनों का त्योहार दीपावली की शुरुआत गुरु
मधेपुरा। धन-संपदा, सुख-समृद्धि, प्रकाश व दीपों के पांच दिनों का त्योहार दीपावली की शुरुआत गुरुवार को धनतेरस के साथ हो गया। धनतेरस को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल देखी गई। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रियोदशी को होने वाले धनतेरस के मौके पर लोगो ने अपने जरूरत के मुताबिक सामान की जमकर खरीदारी की। यद्यपि इस बार त्रियोदशी की तिथि में एकरूपता नहीं रहने से धनतेरस का असर शुक्रवार को भी देखा गया। मौके पर लोगों ने आभूषण के अलावा जरूरत के सामान की जमकर खरीदारी की। आमलोगों की उमड़ी भीड़ की वजह से गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक मुख्यालय के मुख्य बाजार में महाजाम की स्थिति बनी रही। वैश्विक महामारी कोरोना के जारी लॉकडाउन के कारण महीनों से हर व्यवसायिक गति विधि ठप रहने एवं बढ़ती मंहगाई के बावजूद आमजनों ने सोना-चांदी के जेवरातों सहित विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व बर्तनों आदि की खरीदारी जमकर की। धनतेरस को लेकर गुरूवार की दोपहर बाद से बाजारों की रौनक देखते ही बनती थी।जगह-जगह मिट्टी के दीये, सजावटी सामग्री व लक्ष्मी-गणेश की एक से बढ़कर एक मूर्ति के सजे स्टॉल से स्थानीय बाजारों की रौनक देखते ही बनती थी। ऐसी मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रियोदशी को भगवान धन्वंतरी प्रकट हुए थे। इसलिए इस शुभ दिन की शुभ घड़ी में लोग बर्तन, गहने व अन्य मूल्यवान वस्तु की खरीदारी देर रात तक करते है। मौके पर इलेक्ट्रॉनिक सामान में विभिन्न कंपनी द्वारा दिए गए जबरदस्त ऑफर का लोगों ने जमकर लाभ उठाते हुए बढ़-चढ़ कर खरीदारी की। इस बार धनतेरस की तिथि दो दिन रहने से व्यवसायियों की खूब चांदी कटती रही।