सशक्त बनेंगी बेटियां तो मजबूत होगा समाज
मधेपुरा। दैनिक जागरण का सशक्त बेटियों से सशक्त महिलाओं तक लक्ष्य कार्यक्रम शुक्रवार को
मधेपुरा। दैनिक जागरण का सशक्त बेटियों से सशक्त महिलाओं तक 'लक्ष्य' कार्यक्रम शुक्रवार को बालिका दिवस पर आयोजन किया गया। इस दौरान पेंटिग, श्लोगन प्रतियोगिता के साथ-साथ मानव श्रृंखला भी बनाई गई। कार्यक्रम शहर स्थित हॉली क्रास बालिका विद्यालय, चकला चौक स्कूल एवं सिंहेश्वर के ग्रीन फील्ड स्कूल व किड्स ऑल स्कूल में किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला का निर्माण कर लोगों को जागरूक किया। हाथ से हाथ जोड़कर छात्र-छात्राओं ने संदेश दिया कि समाज जब तक बेटियों को सम्मान नहीं देगा, बदलाव संभव नहीं है। वहीं पेंटिग व श्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों का चयन किया गया। हॉली क्रास स्कूल में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. वंदना कुमारी ने कहा कि सशक्त बालिका से सशक्त महिला बनने तक का सफर पूरा करने के लिए सर्वप्रथम शिक्षित होने की जरूरत है। भ्रूण हत्या, लिग भेद, असुरक्षा, अशिक्षा, पारिवारिक मानसिक सोच और सामाजिक दूर्भावना की शिकार लड़कियां आज भी अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर रहीं हैं। यद्यपि अब पहले से अधिक जागरूकता आई है। सरकार कई प्रकार की योजनाएं बालिकाओं के उत्थान के लिए है। इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। वहीं ग्रीन फील्ड सिंहेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के निदेशक रूपेश रूपक और कुंदन कुमार ने कहा कि आज भी समाज में बेटियों को दोयम दर्जे पर रखा जाता है। किसी भी एजुकेशन स्कूल में बेटियों की संख्या एक तिहाई या इससे कम ही होती है। जब तक माता-पिता अपनी बेटियों के साथ बराबर का बर्ताव और अधिकार उन्हें नहीं देंगे तब तक स्थिति में बदलाव नहीं आएगा। समाज के आइकॉन समझे जाने वाले शख्शियत को इसके लिए आगे आना होगा। उन्हें इस दिशा में पहल करनी होगी। तभी समाज मे सकारात्मक परिवर्तन हो सकेगा।