हथियार बनाने वाले उपकरण के साथ दो गिरफ्तार
मधेपुरा। जिले के चौसा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभिरामपुर वासा गांव से अपराध
मधेपुरा। जिले के चौसा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभिरामपुर वासा गांव से अपराध की योजना बनाते एक बदमाश को खदेड़ कर गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान गिरफ्तार बदमाश के पास से एक पिस्टल, आठ कारतूस, तलवार व एक बाइक बरामद किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के निशानदेही पर भटगामा गांव स्थित पशुपति सिंह के घर पर छापेमारी की तो उसके घर से हथियार बनाने का भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार बनाने के सभी उपकरण को जब्त कर पशुपति सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अभिरामपुर वासा में दो लोग लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर चौसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों बदमाश पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर एक बदमाश अभिरामपुर वासा गांव के अनिल कुमार सिंह को पकड़ लिया। दूसरा भागने में सफल रहा। पुलिस ने हथियार बनाने के सभी उपकरण के साथ पशुपति सिंह को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
बाइक चोरी का मामला दर्ज
मधेपुरा। थाना क्षेत्र के खाड़ी रहटा गांव के छोटी कुमार ने थाने में आवेदन देकर बाइक चोरी का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित ने कहा है कि बीएसएफ कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है।
कंपनी की ओर से सड़क निर्माण का कार्य रेशना में चल रहा है। चार अप्रैल की रात रेशना पुल के निकट बाइक लगा कर सोने चला गया। सुबह में बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला।
इस बाबत थानाध्यक्ष अरविद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।