बाढ़--- आवश्यक- प्राणपुर में महानंदा लाल निशान के पार, कई गांवों में फैला पानी
फोटो-06केएटी-19 - कई स्कूलों में भी घुसा पानी, पठन-पाठन बाधित संवाद सूत्र, प्राणपुर (कटि
फोटो-06केएटी-19
- कई स्कूलों में भी घुसा पानी, पठन-पाठन बाधित
संवाद सूत्र, प्राणपुर (कटिहार) : प्राणपुर प्रखंड क्षेत्र में महानंदा का जलस्तर लाल निशान के पार पहुंच चुका है। इससे प्रखंड के लालगंज भगत टोला, ग्रामदेवती, गजहर, जल्लाहरेरामपुर सहित आधा दर्जन गांवों में नदी का पानी फैलने लगा है। इससे लोगों के लिए आवागमन का एकमात्र साधन नाव ही रह गया है। इन गांवों के स्कूल में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे बच्चों का पठन-पाठन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बाढ़ प्रभावित इलाके की स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण अपने सामान लेकर ऊंची जगहों पर शरण ले रहे है। प्रखंड के जल्लाहरेरामपुर गांव के समीप महानंदा तटबंध से महज दस मीटर की दूरी पर ही पानी का तेज बहाव हो रहा है। वहीं लालगंज भगत टोला स्कूल भी महानंदा के गर्भ में समां सकता है। उधर दिल्ली दीवानगंज रेलवे हाल्ट स्टेशन के रेलवे फाटक सड़क पर भी महानंदा का खतरा मंडरा रहा है। रेलवे के अधिकारियों द्वारा कटाव स्थल पर तीव्र गति से कार्य कराया जा रहा है। ज्ञात हो की प्राणपुर में खतरे के निशान से 55 सेंटीमीटर उपर महानंदा का पानी बह रहा है। सीओ अरुण कुमार सरोज ने बताया कि सभी बाढ़ पीड़ित गांवों में सरकारी स्तर पर नाव की व्यवस्था कर दी गई है।