नरेंद्र मोदी-नीतीश है तो विकास है, राजद है तो विनाश : जेपी नड्डा
लखीसराय । शनिवार को लखीसराय पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कह
लखीसराय । शनिवार को लखीसराय पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार राजनीतिक चेतना की भूमि है और बिहार अपने हित में फैसला करना अच्छी तरह जानती है। इसलिए मैं निवेदन करने आया हूं कि बिहार के विकास के लिए एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में तेजी से विकास हुआ है, आगे भी होगा। जबकि राजद वाली महागठबंधन की सरकार बनी तो विनाश की ओर जाएगा। इसलिए फैसला आपको लेना है, क्योंकि एनडीए की जीत किसी व्यक्ति की जीत नहीं बल्कि बिहार की जीत होगी। नड्डा लखीसराय शहर स्थित केआरके हाई स्कूल मैदान में पार्टी प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के आंकड़ों के साथ बदलते भारत -बदलते बिहार की तस्वीर पेश की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते उन्होंने बिहार के लिए 11 मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति दी। पटना एम्स को चालू करवाया। नरेंद्र मोदी की सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में 10 हजार करोड़, स्वास्थ्य के क्षेत्र में 6,000 करोड़, सड़क के लिए 54,000 करोड, पुल निर्माण के लिए 14 हजार करोड़, रेलवे दोहरीकरण और विद्युतीकरण के लिए 22 हजार करोड़ की राशि दी है। नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार ने देश और बिहार में विकास का आईना दिखाया है। कोरोना काल में केंद्र सरकार ने 80 करोड़ गरीब परिवारों को खाद्यान्न दिया। आठ करोड़ महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस, 20 करोड़ बहनों के खाते में 500-500 रुपये की राशि भेजी गई। स्वच्छता अभियान के तहत देश भर में 22 करोड़ और बिहार में एक करोड़ 22 लाख घरों में इज्जत घर बनाकर सरकार ने महिलाओं का इज्जत बढ़ाया है। आठ करोड़ 56 लाख किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये भेजे गए। उन्होंने कहा कि एक देश में एक विधान, एक संविधान, एक प्रधान की जो बात नरेंद्र मोदी ने कहा था उसे पूरा किया है। अध्यक्षता भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भाष्कर सिंह ने की। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पिकी कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह मौजूद थे।