बिना गर्भधारण के पांच लीटर दूध रोज दे रही है गाय
लखीसराय। पौराणिक कथाओं में लगातार दूध देने वाली गाय के बारे में कामधेनु का वर्णन आता है
लखीसराय। पौराणिक कथाओं में लगातार दूध देने वाली गाय के बारे में कामधेनु का वर्णन आता है, जो देवताओं और असुरों के बीच हुए समुद्र मंथन से निकले 14 रत्नों में से एक थी। लगातार दूध देने वाली ऐसी ही एक गाय प्रखंड में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
प्रखंड के गंगासराय गांव में एक गाय बिना किसी गर्भधारण के पिछले 15 दिनों से दूध दे रही है। यह प्रतिदिन दोनों शाम में लगभग 5 लीटर दूध देती है। अमूमन गाय लगभग डेढ़ से दो वर्ष में गर्भधारण कर लेती है। लेकिन गंगासराय निवासी किसान अविनाश कुमार सिंह की गाय बिना गर्भधारण किए पिछले 15 दिनों से दूध दे रही है। ये दोनों समय में लगभग पांच लीटर दूध दे देती है। इसको देखकर गांव के लोग आश्चर्य में है। किसान अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मैं लगभग 20 वर्ष से अपने घर में गाय पालता हूं। मेरे यहां एक जर्सी गाय थी जिसकी मौत पिछले वर्ष बीमारी से हो गई। यह उसी की बच्ची है। इसकी उम्र लगभग 21 माह है। आठ माह पूर्व इसे पशु चिकित्सक सुबोध कुमार से गर्भधारण के लिए सीमेन डलवाया था। सात माह के बाद गाय का थन कुछ-कुछ बढ़ने लगा। उसके बाद पशु चिकित्सक सुबोध कुमार ने पुन: जांच की तो पता चला गाय के पेट में बच्चा नहीं हैं। एक पखवाड़ा पूर्व गाय के थन से अपने आप दूध निकलने लगा। उस दिन से गाय को दुहने लगा तो दोनों शाम में 5 लीटर दूध निकल रहा है। अन्य गाय की दूध की तरह ही इस गाय का भी दूध है। इसे पीने में कोई फर्क नहीं दिखता है। इस संबंध में प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया गाय अगर प्राकृतिक रूप से दूध दे रही है तो इसके दूध को पीने में कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गाय संयोग से देखने को मिलती है। यह हार्मोन की वजह से होता है। इसमें गाय खुद से हार्मोन तैयार कर दूध देती हैं। इसका दूध पीने से स्वास्थ्य पर कोई दिक्कत नहीं है।