नो मेंस लैंड पर बढ़ाई गई निगरानी, दोनों देश के जवान कर रहे पेट्रोलिग
किशनगंज। विधानसभा चुनाव को लेकर इंडो-नेपाल बॉर्डर और नो मेंस लैंड पर सुरक्षा बढ़ा दी गइ
किशनगंज। विधानसभा चुनाव को लेकर इंडो-नेपाल बॉर्डर और नो मेंस लैंड पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीमा पार की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए दोनों देश की सेना लगातार निगरानी कर रही है। खासकर नो मेंस लैंड की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ज्वाइंट पेट्रोलिग की जा रही है।
सुखानी बॉर्डर पर तैनात एसएसबी 19 वीं बटालियन के जवानों ने नेपाल आर्म्ड फोर्स के जवानों के साथ मिलकर सोमवार शाम को नो मेंस लैंड पर ज्वाइंट पेट्रोलिग की। इसके साथ ही दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की गई। जिसमें चुनाव को देखते हुए एक दूसरे से आवश्यक सूचनाएं साझा करने पर सहमति बनी। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र सुखानी से आमबाड़ी तक दोनों देशों के सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त रूप से पेट्रोलिग की गई। पेट्रोलिग का नेतृत्व एसएसबी के सुखानी बीओपी इंचार्ज इंस्पेक्टर शहरयार, आमबाड़ी बीओपी इंचार्ज सहदेव एवं नेपाल एपीएफ के इंस्पेक्टर ब़ख्श बहादुर थापा ने संयुक्त रूप से किया।
बताते चले कि विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्त्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त रूप से भारत व नेपाल के सुरक्षा बलों द्वारा पेट्रोलिग किया जा रहा है। साथ ही भारत नेपाल के सीमावर्त्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी, मादक पदार्थों, जाली नोट आदि पर रोकथाम और सीमा पर अवैध आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। एसएसबी सीमा पर हर तरह की गतिविधियों पर नजर रख रही है ताकि चुनाव के दौरान कोई भी अराजक तत्व अपने मनसूबों में सफल न हो सके। सीमा पार से कोई भी चुनाव को प्रभावित न कर सके। नेपाल की खुली सीमा होने के कारण एसएसबी चौकसी को लेकर काफी सतर्क है।