पति और सौतन ने की महिला की गला दबाकर हत्या
किशनगंज। कोचाधामन थाना क्षेत्र के कुट्टी पंचायत स्थित मस्तलिया गांव में घरेलू विवाद के बाद पति और सौतन ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मौके से फरार हो रहे पति साहिद आलम और सौतन यासमीन को दबोच लिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

इस मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को अपने कब्जे में कर लिया और मृतका रोजाना प्रवीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के भाई महेशगंज के निवासी ऐनुल हक ने बताया कि बड़े अरमानों के साथ अपनी बहन रोजाना का निकाह चार वर्ष पूर्व मस्तलिया गांव निवासी साहिद आलम पिता मोहम्मद मूसा के साथ की थी, लेकिन रूखसती नहीं हुई थी। इसी बीच शादी के मात्र छह माह बाद ही साहिद ने याश्मिन के साथ भी निकाह कर लिया और रूखसती कराकर उसे घर ले आया। जिसकी जानकारी मिलते ही रोजाना बैचेन हो गई। सामाजिक दबाव के बाद साहिद रोजाना को विदा करा कर घर ले तो आया। जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन दो माह बाद ही पति और सौतन ने मिलकर दुधमुंहे बच्ची की हत्या कर दी। गत मंगलवार रात को रोजाना का पति और सौतन के साथ विवाद हो गया। इसी क्रम में दोनों ने मिलकर रोजाना की बेरहमी से पिटाई कर दी और गला दबाकर हत्या कर दोनों फरार हो गया, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोचाधामन थाना में मृतका के भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।