दहेज प्रताड़ना को लेकर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
किशनगंज। दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों के द्वारा एक विवाहिता को
किशनगंज। दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों के द्वारा एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। बुधवार को पीड़िता न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंची। पीड़िता की लिखित शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पहाड़कट्टा फूलबस्ती निवासी अनसय बेगम की शादी एक वर्ष पूर्व पोठिया थाना क्षेत्र के के नौकट्टा गांव निवासी फजीर, पिता फेलसा के साथ हुई थी। मात्र तीन माह पूर्व ही वह विदा होकर अपने ससुराल पहुंची। ससुराल पहुंचते ही पति, ससुर, सास और ननद दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले मायके से दो लाख रुपये नगद और एक दुधारू गाय मांग कर लाने का दबाव बनाने लगे। मायके की आर्थिक स्थिति से भली भांति परिचित पीड़िता ने दहेज मांग कर लाने से साफ इंकार कर दिया। जिससे नाराज होकर पति और ससुराल वालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के बाद मायके वालों की पहल पर समस्या के समाधान के लिए कई बार स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई। लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। गत 26 अप्रैल को भाई मो. कैसर आलम अनसय का हालचाल जानने उसके ससुराल पहुंचा तो बहन के पति और ससुराल वाले दहेज की मांग कर बैठे। जिसका विरोध करने पर ससुराल वालों ने पीड़िता की बेरहमी से पिटाई कर दी और भाई के सामने ही उसे घसीटकर घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद वह रोती-बिलखती हुई भाई के साथ अपने मायके चली गई।