आखिर निकल आई धूप, लोगों के खिले चेहरे
मौसम का मिजाज में शुक्रवार की सुबह बूंदाबांदी बारिश होने के बाद अचानक बदलाव आ गया।
संवाद सूत्र, पहाड़कट्टा (किशनगंज) : मौसम का मिजाज में शुक्रवार की सुबह बूंदाबांदी बारिश होने के बाद अचानक बदलाव आ गया। लगभग 11 बजे दोपहर मौसम साफ होने से सूरज की किरण से ही धूप में तासीर दिखने लगा। जिससे लोगों को गरमाहट का एहसास होने लगा। वहीं जैसे-जैसे दिन बीतने लगा धूप में गर्मी बढ़ती गई। लोगों ने इसका खूब लुत्फ उठाया। सड़कों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है, जहां कई रोज से लोग गर्म कपड़ों से लदे रहते थे, वहीं लोगों को हल्के-फुल्के कपड़ों में देखा गया। मौसम का मिजाज बदलने से बाजारों में इसकी रौनक भी बढ़ गई है।
पिछले एक सप्ताह से जिला सहित पोठिया प्रखंड क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। आलम यह था कि हाड़ कंपा देने वाली सर्द हवाओं और घने कोहरे से लोगों को बीते एक सप्ताह से सूर्य देव का दर्शन नहीं हुआ था। ऐसे में लोग बिना जरूरत बाहर निकलने से परहेज कर रहे थे। दिन हो या रात, लोगों का अधिकांश वक्त रजाई के अंदर ही बीत रहे थे। लेकिन मौसम में अचानक बदलाव होने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। वहीं गर्मी का अहसास होते ही लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। इसका साफ असर घरों से लेकर बाजार तक देखा गया। धूप निकलने से घरों की छतों पर बड़ी संख्या में बूढ़े-बच्चे जवान व महिलाओं ने काफी समय बिताया। बाजारों में भी शाम तक भीड़ देखी गई। छत्तरगाछ बाजार के पान दूकानदार मोहम्मद जाकिर हुसैन ने बताया कि गत एक सप्ताह से सर्द हवा के साथ शीतलहरी चलने से हाट-बाजारों में लोगों का आना कम हो गया था। जिसका प्रभाव व्यवसाय पर पड़ने लगा था, लेकिन शुक्रवार सुबह को बूंदाबांदी बारिश के बाद अचानक मौसम में बदलाव आ गया और धूप निकलने से बाजार में लोगों की चहल-पहल शुरू हो गई जिससे बाजार में रौनक आ गई है। बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बाद शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदलने से धूप निकली। ठंड कम होने से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव के किसानों ने अपने खेत की ओर काम करने के लिए निकल पड़े और धूप का जमकर लुप्त उठाया।