पछुआ हवा ने बढ़ाई कनकनी, कोहरे की चादर में ढका शहर से गांव
किशनगंज। जिले में हाड़ कंपानेवाली ठंड से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। कनकनी के कारण लोगों का हा
किशनगंज। जिले में हाड़ कंपानेवाली ठंड से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। कनकनी के कारण लोगों का हाल बेहाल रहा। शुक्रवार को भी शहर कुहरा की चादरों में लिपटा रहा। इतना घना कोहरा था कि सौ मीटर की दूरी पर भी लोगों के चेहरे नहीं सूझ रहे थे। वाहनों की रफ्तार थम सी गई थी। आवाजाही करनेवाले लोगों को सुबह में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। हालांकि दोपहर 12 बजे के बाद लोगों को हल्के सूर्य के दर्शन हुए। धूप में लोग जुटे जरुर लेकिन सर्द हवा के कारण धूप की गर्मी काम नहीं आई। दिन भर कनकनी बरकरार रही। सर्द हवा के थपेड़ों के कारण शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं आद्रता 45 रही। डीएम के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग द्वारा दो दिनों तक स्कूल बंद करने के आदेश से स्कूली बच्चों व अभिभावकों को राहत मिली है। खासकर जूनियर वर्ग के स्कूली बच्चे ज्यादा परेशान थे।
जहां दिखता अलाव जुट जाते मजदूर
हाड़ कंपानेवाली ठंड के बीच सबसे बुरा हाल मजदूरों, गरीबों व रिक्शा चालकों का है। ठंड से बचने की जुगत में जहां अलाव जुटा मिलता वहीं बैठकर राहत पाने में लग जाते हैं। सुबह दस बजे ठंड से बचने के लिए धरमगंज चौक समीप लगे बड़े लकड़ी के अलाव के पास मजदूर तबका आग तापने में जुटा रहा। आग ताप रहे मजदूरों का कहना था कि प्रकृति के कहर से हमलोग बेरोजगार हो गए हैं। सुबह से कोहरा छाये रहने के कारण काम नहीं मिल पाता है। जिससे रोजी रोटी पर भी आफत आ गई है। किसी तरह घर का चूल्हा जल रहा है। इस आस में सुबह घर से निकलते हैं कि कहीं दिन साफ होगा तो काम मिल जाएगा। लेकिन सुबह से दोपहर तक काम नहीं मिलने के बाद खाली हाथ घर लौटना पड़ता है।
ठंड ने बढ़ाई हीटर, गीजर की डिमांड
करीब एक सप्ताह से पड़ रही भीषण ठंड से इलेक्ट्रानिक्स बाजार गरम हो गया है। बाजार में रुम हीटर, ब्लोअर, गीजर की डिमांड बढ़ गई है। हालांकि अधिकांश मध्यम वर्गीय लोगों की पसंद हीटर व ब्लोअर ही बनी है। सभी दुकानों में लोकल व ब्रांडेड रुम हीटर व ब्लोअर की बिक्री हो रही है। लोगों की डिमांड को देखते दुकानदारों ने इसका स्टॉक करना शुरु कर दिया है। अभी कम से कम तीन चार दिन और मौसम खराब रहने की उम्मीद है।