आबादी तीन लाख, जलाए जा रहे हैं मात्र पांच जगहों पर अलाव
कड़ाके की ठंड जारी है। तेज पछुआ हवा चलने से कनकनी बढ़ गई है। पारा तेजी से लुढ़कता जा रहा है। कड़ाके की ठंड से सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
संवाद सूत्र, बेलदौर (खगडिया): कड़ाके की ठंड जारी है। तेज पछुआ हवा चलने से कनकनी बढ़ गई है। पारा तेजी से लुढ़कता जा रहा है। कड़ाके की ठंड से सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जारी शीतलहर के डर से लोग घरों से निकलने में परहेज कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड से बेलदौर बस पड़ाव, डुमरी घाट बस पड़ाव आदि जगहों पर वाहनों की आवाजाही कम दिखी। ग्रामीण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। अंचल प्रशासन की ओर से लगभग आधे दर्जन स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जो ऊंट के मुंह में जीरा का फोरन साबित हो रहा है। बेलदौर प्रखंड की आबादी तीन लाख के आसपास है। ऐसे में प्रशासनिक अलाव की व्यवस्था का सहज अंदाज लगा सकते हैं। जदयू नेता राजेश कुमार सिंह ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए हर चौक-चौराहे पर अलाव जलाए जाने की मांग की है। सीओ सुबोध कुमार ने बताया कि लगभग आधे दर्जन चौक- चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर अन्य जगहों पर भी व्यवस्था की जाएगी। यहां की गई है अलाव की व्यवस्था
एक: बेलदौर पीएचसी
दो: काली स्थान चौक
तीन: उसराहा चौक
चार: माली चौक
पांच: पीरनगरा चौक अलाव को लेकर ध्यान आकृष्ट कराया
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): बढ़ते शीतलहर से लोग परेशान हैं। पछुआ हवा और ठंड से लोग दिन भर परेशान रहे। बाजार और चौक चौराहों पर भी इन दिनों कम संख्या में लोग दिखते हैं। विशेष जरूरत पर ही लोग घरों से निकल रहे हैं। पिछले चार दिनों से ज्यादा ठंड है।
फिर भी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। अगुवानी स्टैंड से लेकर अगुवानी गंगा घाट तक लोगों की आवाजाही प्रतिदिन होती है। फिर भी इस जगह अलाव की व्यवस्था नहीं है। मुखिया स्मृति कुमारी कहती है कि यहां अलाव की व्यवस्था अभी तक सरकारी स्तर से नहीं की गई है। उन्होंने अधिकारियों का ध्यान भी आकर्षित कराया है। परबत्ता बाजार के पुस्तक विक्रेता संजय कुमार, जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव, मिठाई दुकानदार राजेश कुमार आदि ने कहा कि गरीब गुरबा ठंड से परेशान है। लेकिन अंचल प्रशासन सोया हुआ है। कांग्रेस नेता शंभु शरण मिश्र, राजद के वरिष्ठ नेता अंजनी कुमार यादव ने बताया कि कहीं-कहीं ही प्रशासनिक स्तर पर अलाव जल रहे हैं। सीओ अंशु प्रसून ने कहा कि अलाव जगह-जगह जलाए जा रहे हैं।