बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बन्नी और यूनियन बैंक शाखा गौछारी सील
कोरोना संक्रमण के लगातार फैलाव से इसकी चपेट में बैंक कर्मी और अधिकारी भी आ रहे हैं। कर्मी के पॉजिटिव पाए जाने से एक के बाद एक बैंक शाखाएं बंद हो रही है। केवल महेशखूंट व आसपास क्षेत्र के विभिन्न बैंक की तीन शाखाएं बंद हुई है। जानकारी के अनुसार यूनियन बैंक के गौछारी शाखा के अधिकतर कर्मी बीते दिन पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद से बैंक सील कर दिया गया है। कामकाज बंद है।
महेशखूंट (खगड़िया)। कोरोना संक्रमण के लगातार फैलाव से इसकी चपेट में बैंक कर्मी और अधिकारी भी आ रहे हैं। कर्मी के पॉजिटिव पाए जाने से एक के बाद एक बैंक शाखाएं बंद हो रही है। केवल महेशखूंट व आसपास क्षेत्र के विभिन्न बैंक की तीन शाखाएं बंद हुई है। जानकारी के अनुसार यूनियन बैंक के गौछारी शाखा के अधिकतर कर्मी बीते दिन पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद से बैंक सील कर दिया गया है। कामकाज बंद है। वहीं दूसरी ओर बैंक ऑफ बड़ौदा बन्नी शाखा में एक कर्मी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद बैंक शाखा को बंद कर दिया गया है। जबकि इसके पूर्व बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के महेशखूंट शाखा में एक कर्मी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद बैंक शाखा को बंद कर दिया गया था। लगातर बैंक शाखा के बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। बैंको के खाता धारकों को पैसे की निकासी को लेकर परेशानी हो रही है। बाजारों में मास्क व शारीरिक दूरी का नहीं रखा जाता है ध्यान
कोरोना से बचाव को लेकर लॉकडाउन लगाया गया है। इसके बावजूद भी लोग अपने घरों से निकलने से परहेज नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं घर से निकलने पर मास्क पहनने की अनिवार्यता है। पर लोग बिना मास्क के ही घरों से निकलते है और शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं करते है। बाजारों में भीड़ भाड़ बनी रहती है। लोग बेधड़क बाजार आते जाते हैं। बाजार में लॉकडाउन के बावजूद कई व्यवसायी पुलिस प्रशासन की आंख में धूल झोंक कर अपना कारोबार चला रहे हैं। दुकानदार दुकान की शटर गिराकर दुकान के पास ही रहते हैं। और ग्राहक को अंदर बुलाकर अपनी दुकानदारी करते हैं। इस दिशा में जमालपुर में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की गई पर महेशखूंट बाजार में कोई ध्यान नहीं दिया गया।