वर्चुअल रैली को लेकर उत्साहित थे जदयू नेता
खगड़िया। मुख्यमंत्री के वर्चुअल रैली को लेकर जदयू नेता व कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा।
खगड़िया। मुख्यमंत्री के वर्चुअल रैली को लेकर जदयू नेता व कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा। पार्टी स्तर पर पहले से तैयारी की गई थी। पार्टी कार्यालय के साथ विधायकों के आवास सहित अन्य कई जगहों पर मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद को लाइव दिखाने की व्यवस्था की गई थी। कई जगहों पर इसे लेकर टेंट लगाकर प्रसारण किया गया। कार्यकर्ता इसे लेकर सुबह से ही तैयारी में जुटे रहे। सदर विधायक पूनम देवी के आवास सहित दर्जनों जगह पर मुख्यमंत्री के संवाद के प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। विधायक के साथ स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के संवाद को सुना। इधर परबत्ता प्रखंड में विधायक आरएन सिंह के आवास परिसर में सीएम के वर्चुअल संवाद के सीधा प्रसारण को लेकर पूरी व्यवस्था की गई थी। जहां जदयू चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में काफी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसके अलावा विधायक के स्तर से गोगरी व परबत्ता के दर्जनों स्थानों पर संवाद के प्रसारण को लेकर व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने वर्चुअल संवाद में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हालात इतने बुरे थे कि सामूहिक नरसंहार होता था। लोग गाड़ी में राइफल दिखाते हुए चलते थे। अब सुशासन है। उन्होंने बाढ़ सहायता देने की चर्चा के साथ कोरोना को लेकर सरकार की उपलब्धियों को बताया। साथ ही सात निश्चय सहित अन्य योजनाओं पर चर्चा के साथ लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने की बात कही। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष ध्रुव कुमार शर्मा, मणिभूषण राय, निरंजन यादव, राहुल राज, मीडिया प्रभारी मनमन बाबा, ललन कुमार, सुनील यादव, राजीव चौधरी आदि मौजूद थे।