पिपरा में जलश्रोत बचाने को ले लोगों ने लिया संकल्प
खगड़िया। 'दैनिक जागरण' की ओर चलाए जा रहे तालाब-पोखर बचाने की मुहिम अब रंग ला रही है। धीरे-धीरे समाज क
खगड़िया। 'दैनिक जागरण' की ओर चलाए जा रहे तालाब-पोखर बचाने की मुहिम अब रंग ला रही है। धीरे-धीरे समाज के हर वर्ग के लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं। सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, आम नागरिक तालाब-पोखर बचाने को आगे आ रहे हैं।
शुक्रवार को चौथम प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पिपरा पंचायत की मुखिया मनीषा देवी के नेतृत्व में तालाब-पोखर बचाओ अभियान चलाया गया। मौके पर उन्होंने कहा कि तालाब-पोखर हमारी धरोहर है। कहा, 'दैनिक जागरण' की ओर से चलाए जा रहे जलदान अभियान की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। यह अभियान जल संरक्षण की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा। मुखिया ने कहा कि आज पानी पाताल जा रहा है। बारिश औसत से कम हो रही है। यह जलसंकट का सबूत है। अगर अब भी नहीं चेते, तो कल भयावह स्थिति का सामना करना पड़ेगा। इसलिए तलाब-पोखर को बचाना जरुरी है। सामाजिक स्तर पर इसे मुहिम की तरह चलाना चाहिए। जिससे जल का संरक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि पोस नाला के जीर्णोद्धार को लेकर भी कार्य किया जाएगा। मालूम हो कि इस नाला की लंबाई सात किलोमीटर है। मुखिया ने कहा कि पौस नाला के जीर्णोद्धार को लेकर वरीय अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस नाला के जीर्णोद्धार होने से चौथम और गोगरी प्रखंड के कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। कृषि और पशुपालन को बल मिलेगा। मौके पर मो. गुलशन, मालती देवी आदि मौजूद थे।