Move to Jagran APP

फरकिया को गर्व है देश के लिए बलिदान देने वाले धन्ना और माधव पर

देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले वीर सपूत बलिदानी धन्ना और माधव को यहां के लोग हर वर्ष गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस पर शत शत नमन करते हैं।

By JagranEdited By: Published: Sun, 23 Jan 2022 05:18 PM (IST)Updated: Sun, 23 Jan 2022 05:18 PM (IST)
फरकिया को गर्व है देश के लिए बलिदान देने वाले धन्ना और माधव पर
फरकिया को गर्व है देश के लिए बलिदान देने वाले धन्ना और माधव पर

पप्पू कुमार सुमन, संवाद सूत्र, मानसी (खगड़िया): देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले वीर सपूत बलिदानी धन्ना और माधव को यहां के लोग हर वर्ष गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस पर शत शत नमन करते हैं। आजादी के जंग में जिले के वीर सपूत धन्ना और माधव ने अपना बलिदान देकर खगड़िया का मस्तक ऊंचा किया था। दोनों की शहादत इतिहास के पन्ने पर स्वर्णिम अक्षर में अंकित है। एकनिया, मानसी के सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार यशवंत कहते हैं- धन्ना और माधव की बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। वे देशभक्ति की जीवंत मिसाल हैं। उनसे समाज के लिए, देश के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा मिलती है। छोटी बलहा के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार बताते हैं- फरकिया वासियों को धन्ना और माधव पर गर्व है। उनके बलिदान हमलोगों को गर्व से भर देता है। गर्व है कि मैं भी मानसी प्रखंड का रहने वाला हूं। जहां के धन्ना और माधव थे। बताते चलें कि अगस्त क्रांति के दौरान 13 अगस्त 1942 को धन्ना और माधव भी अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति पाने के अभियान में निकल पड़े थे। वे हाथों में तिरंगा लेकर अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा बुलंद करते हुए मानसी रेलवे अधिकारी विश्रामालय की ओर बढ़े थे। उस समय अंग्रेजी फौज वहां मौजूद थी। जैसे ही धन्ना और माधव वहां पहुंचे अंग्रेजों ने इन देशभक्तों को गोलियों से छलनी कर दिया था। परंतु, दोनों देशभक्तों ने तिरंगा को झुकने नहीं दिया और भारत माता की जय का नारा लगाते हुए शहीद हो गए थे। देश की आजादी के लिए उनके उस कदम को याद कर आज भी लोग रोमांचित हो उठते हैं। मानसी में उन दोनों स्वतंत्रता सेनानियों का स्मारक है। ये स्मारक वहां पर है जहां दोनों ने बलिदान दिए थे। प्रत्येक वर्ष 13 अगस्त को वहां कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। मालूम हो कि धन्ना खुटिया के बजरंग टोला स्थित शिवलाल महतो व माधव पश्चिमी ठाठा पंचायत अंतर्गत बख्तियारपुर गांव स्थित सूर्यनारायण सिंह के पुत्र थे। दोनों ही माता पिता के इकलौते पुत्र थे।

loksabha election banner

सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार यशवंत ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर इस बार भी बलिदानी धन्ना, माधव के स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए यह कार्यक्रम अमर शहीद धन्ना, माधव स्मारक समिति, मानसी, खगड़िया की ओर से आयोजित किया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.