जिले में अब 86 तक पहुंच गई है एक्टिव मरीजों की संख्या
जागरण संवाददाता, खगड़िया: जिले में कोरोना संक्रमित के तेजी से ठीक होने के साथ अब संक्रमितों की संख्या
जागरण संवाददाता, खगड़िया: जिले में कोरोना संक्रमित के तेजी से ठीक होने के साथ अब संक्रमितों की संख्या कम होने लगी है। अब एक्टिव मरीजों की संख्या सौ से नीचे पहुंच गई है। वर्तमान में जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 86 है। हालांकि अब भी जिले में नए संक्रमित मिल रहे हैं। बीते 24 घंटे में 13 नए संक्रमित मिले हैं। जबकि बीते 24 घंटे में कुल 65 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिले में शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शनिवार दोपहर 12 बजे तक 13 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसके साथ अब तक पाजिटिव होने वालों की संख्या 373 हो गई है। कोरोना को मात देकर स्वस्थ्य होने वालों की संख्या अब 287 हो गई है। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 86 है। शुक्रवार को दो हजार 210 लोगों की कोरोना जांच हुई है। सीएस डा. अमरनाथ झा ने कहा कि कोरोना संक्रमण के रफ्तार में कमी आई है। संक्रमित मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। परंतु कोरोना का खतरा अब भी बरकरार है। इसलिए लोगों को अब भी सतर्क रहने की जरूरत है। पूर्व की तरह ही कोरोना से बचाव के नियम का पालन करते हुए मास्क के साथ शारीरिक दूरी और हाथ की नियमित सफाई करते रहें।
----
कोरोना नियमों का बाजार में नहीं हो रहा है पालन
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): कोरोना की तीसरी लहर से परबत्ता भी प्रभावित है। दूसरी तरफ अब भी लोग एहतियात व सतर्कता बरतने के बजाय लापरवाह नजर आ रहे हैं। जो कि भारी पड़ सकता है। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में इसके प्रति लोग लापरवाह दिख रहे हैं। कहीं भी कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। ना तो लोग मास्क लगा रहे हैं और ना ही शारीरिक दूरी का पालन ही कर रहे हैं। लोग खुलेआम बिना मास्क का चलते हैं। सब्जी बाजार हो या दुकान, सरकारी दफ्तर हो या प्राइवेट संस्थान हर जगह लोग बेखौफ नजर आ रहे हैं। हर जगह शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ती नजर आ रही है। ऐसी स्थिति रही तो तीसरी लहर लोगों के लिए भारी पड़ सकती है। परबत्ता सीओ अंशु प्रसून ने कहा कि विभिन्न थाना क्षेत्र की पुलिस प्रतिदिन मास्क चेकिग अभियान चलाती है। लोगों को सचेत रहने की जरूरत है।