दियारा का कुख्यात रवि मेहता डुमरी पुल के पास से गिरफ्तार
दियारा क्षेत्र का कुख्यात रवि मेहता गुरुवार को चौथम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रवि मेहता की गिरफ्तारी डुमरी पुल के समीप से की गई है। रवि मेहता की गिरफ्तारी चौथम पुलिस के लिए बड़ी सफलता बताई जा रही है।
संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया): दियारा क्षेत्र का कुख्यात रवि मेहता गुरुवार को चौथम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रवि मेहता की गिरफ्तारी डुमरी पुल के समीप से की गई है। रवि मेहता की गिरफ्तारी चौथम पुलिस के लिए बड़ी सफलता बताई जा रही है। इसकी पुष्टि चौथम थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि रवि मेहता डुमरी पुल के समीप घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष व एसआइ सत्यव्रत सिंह ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की। इस दौरान रवि मेहता को डुमरी पुल के समीप से पकड़ा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार रवि मेहता फिलहाल तीन अलग-अलग कांडों में फरार चल रहा था। जबकि पूर्व में उस पर डेढ़ दर्जन से अधिक मामले हत्याकांड, लूट, आर्म्स एक्ट के चौथम, मानसी, सौर बाजार, सलखुआ, सोनवर्षा आदि थाने में दर्ज है। कई मामले में वह जमानत पर था। जबकि कई मामले में फरार चल रहा था। बता दें कि रवि मेहता को कोसी-बागमती दियारा का आतंक माना जाता रहा है। उसकी गिरफ्तारी से दियारा के लोगों ने राहत की सांस ली है।
10 दिनों में तीन कुख्यात को पुलिस ने दबोचा
संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया):
चौथम दियारा इलाके के तीन कुख्यात अपराधियों को बीते 10 दिनों के अंदर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से दियारा इलाके के किसानों को इस बार मक्का की फसल घर ले जाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। बता दें कि बीते 10 मई को चौथम पुलिस ने एक देसी कट्टा और चार गोली के साथ दियारा इलाके का कुख्यात सोनवर्षा गांव निवासी घोघल यादव को गिरफ्तार किया था। वहीं तीन दिन पूर्व हथियार और गोली के साथ रोहियार गांव निवासी भरत यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। जबकि गुरुवार को कुख्यात रवि मेहता पुलिस के हत्थे चढ़ गया।