घाट पर मास्क पहनना व शारीरिक दूरी बनाए रखना जरूरी
(खगड़िया। चौथम प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्रायसम भवन सह पंसस सभागार में मंगलवार को छठ पर्व
(खगड़िया। चौथम प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्रायसम भवन सह पंसस सभागार में मंगलवार को छठ पर्व को लेकर बीडीओ राजकुमार पंडित की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस मौके पर सीओ भरत भूषण सिंह, एसआइ देवनाथ सिंह, उपप्रमुख अभयकिशोर आनंद उर्फ गोपाल राय, प्रमुख प्रतिनिधि सह पूर्व मुखिया सुजय कुमार संजय आदि मौजूद थे।
कोरोना महामारी को लेकर जारी निर्देश से कराया अवगत
बीडीओ ने कोरोना महामारी को लेकर गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश के बारे में जनप्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी। बीडीओ ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने घरों के समक्ष छठ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर घाट पर छठ मनाया गया तो कोरोना नियम का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर शारीरिक दूरी, मास्क का प्रयोग, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था की जानी है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्ध और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का छठ घाट पर जाना वर्जित है। नियम का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई भी की जा सकती है। बीडीओ ने कहा कि छठ घाट पर मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि पर्व से पूर्व पंचायत में आवश्यक बैठक कर लें और सरकार की ओर से जारी किए गए गाइड लाइन के बारे में लोगों को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि छठ पर्व मनाने को लेकर लोगों के बीच प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जयप्रभानगर घाट और चौथम घाट प्रतिबंधित
सीओ भरत भूषण सिंह ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में जयप्रभानगर के समीप बागमती नदी का घाट व चौथम घाट पर छठ मनाने पर प्रतिबंध है। उक्त स्थलों पर काफी गहरी घाट है। प्रतिबंधित घाट पर लाल झंडा लगाने के निर्देश कर्मचारी को दिए गए हैं। छठ पर्व के दौरान नदी में तैरने पर पूर्ण प्रतिबंध है। सभी घाटों पर बेरिकेडिग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में कुल 30 गोताखोर है। जिसका संपर्क नंबर सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दिया गया है। इस मौके पर पूर्व प्रमुख नरेश प्रसाद बादल, मुखिया गजेंद्र शर्मा, पैक्स अध्यक्ष सज्जन कुमार सिंह, पंचायत सचिव कामता प्रसाद, वरीय लिपिक मनीष कुमार, नवीन कुमार आदि मौजूद थे।