मानसी के तत्कालीन थानाध्यक्ष व जामादार की जा सकती है नौकरी
खगड़िया। मानसी के तत्कालीन थानाध्यक्ष कपिलदेव कुमार व जामादार वेदानंद झा की नौकरी जा सकती
खगड़िया। मानसी के तत्कालीन थानाध्यक्ष कपिलदेव कुमार व जामादार वेदानंद झा की नौकरी जा सकती है। तीन साल पहले तत्कालीन थानाध्यक्ष कपिलदेव पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों निगरानी के हत्थे चढ़े थे, जबकि जमादार वेदानंद भी 11 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए थे। यह कार्रवाई निगरानी टीम द्वारा एक ही समय की गई थी। दोनों पर मामला दर्ज कर जेल भेजा गया था। जेल से मुक्त होने के बाद दोनों का अन्यत्र जिला तबादला हो गया।
इधर, दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चलाई गई। मुख्यालय डीएसपी अमरकांत झा को संचालन पदाधिकारी बनाया गया। पुलिस सूत्रों की माने तो विभागीय कार्रवाई में दोनों पुलिस अधिकारियों पर आरोप सही ठहराए गए। सूत्र का यह भी कहना है कि जल्द ही संचालन पदाधिकारी द्वारा दोनों की बर्खास्तगी की अनुशंसा की जा सकती है।
हालांकि संचालन पदाधिकारी से जब जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उनका स्पष्ट कहना हुआ कि मामला विभागीय कार्रवाई के तहत है इसलिए अभी कुछ कहना ठीक नहीं होगा। बहरहाल, तीन साल पहले अलौली थाना में भी दो बार निगरानी टीम द्वारा कार्रवाई की गई, जिसमें दो थानाध्यक्षों को अलग-अलग समय में 20-20 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया था और जेल भेजा गया था। मामला प्रमाणित होने के बाद दोनों की कठिनाई बढ़ जाना स्वभाविक ही है।