एक वर्ष के दौरान तीसरी बार होगा मुख्यमंत्री का आगमन
खगड़िया। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 25 दिसंबर को जिले के बेलदौर प्रखंड में आगमन लग
खगड़िया। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 25 दिसंबर को जिले के बेलदौर प्रखंड में आगमन लगभग तय हो चुका है। इस प्रकार मुख्यमंत्री का जिले में यह तीसरा दौरा है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री बीते छह जनवरी को गोगरी प्रखंड के गौछारी- खटहा पहुंचे थे। जहां उन्होंने गौछारी पंचायत के वार्ड संख्या चार व पांच में मुख्यमंत्री सात निश्चय कार्य का जायजा लिए थे। जायजा लेने के क्रम में उन्होंने पक्की सड़क, शौचालय व नल-जल योजना आदि कार्य का गहन निरीक्षण किए थे। साथ ही एक सभा को भी संबोधित किया था। उक्त कार्यक्रम के बाद इसी वर्ष बीते 18 मार्च को कोसी-बागमती संगम तट पर सोनवर्षा घाट पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करने के साथ बाढ़ से बचाव को लेकर करोड़ों की लागत से प्रमुख बांधों के उच्चीकरण सह सड़क निर्माण कार्य के अलावे पुलिया एवं दर्जनों विकास योजनाओं का शिलान्यास किया था। अब एकबार फिर 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री बेलदौर पहुंच कर सात निश्चय के तहत किए गए कार्यों का निरीक्षण कर समीक्षा करेंगे। उक्त कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी आरंभ कर दी गई है। इस बार मुख्यमंत्री के आगमन पर जिलावासियों को क्या सौगात मिलेगी यह आगमन बाद ही पता चल सकेगा। लेकिन क्षेत्र का बहुप्रतीक्षत डुमरी पुल का उदघाटन हो सकेगा। जिससे बेलदौर वासियों सहित कोसी क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिल सकेगी। बताते चले कि 2010 ई. में बीपी मंडल सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद से लोग कभी स्टील पाइल ब्रिज तो कभी नौका तो कभी जुगाड़ पुल के सहारे नदी पार करने को विविश हैं। लोगों को अब समस्या से निजात मिल सकेगी।