भरसिया में नहाने के दौरान डूबा युवक, लापता
कटिहार। फलका थाना क्षेत्र के भरसिया पंचायत अंतर्गत चंदवा घाट राजधानी में बुधवार की दोपहर
कटिहार। फलका थाना क्षेत्र के भरसिया पंचायत अंतर्गत चंदवा घाट राजधानी में बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे नहाने के दौरान एक 35 वर्षीय युवक डूब गया। जानकारी के मुताबिक भरसिया पंचायत के मोहम्मद नगर ग्राम निवासी फूलो ऋषि चंदवा घाट में नहाने के लिए गए थे। स्नान के दौरान उनका पेर गहरे पानी में फिसल गया और वह डूब गया। उक्त स्थल पर मौजूद लोगों द्वारा हो-हल्ला किया गया तथा काफी खोजबीन की गई। डूबे व्यक्ति का कोई अता पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मिलते ही फलका थाना अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल सदल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे व्यक्ति की खोजबीन में जुट गए। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे हुए व्यक्ति फूलों ऋषि का शव को खोजा जा रहा है। बरारी प्रखंड से गोताखोर को मंगाया जा रहा है। समाचार प्रेषण तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। इधर घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।