खौफ के साए को भेदने के लिए गोबराही दियारा में पहुंची पुलिस
कटिहार। गत एक जनवरी की रात किसान जयलाल महतो की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घट
कटिहार। गत एक जनवरी की रात किसान जयलाल महतो की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना से उत्पन्न दहशत के साए को रौंदने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार को गोबराही दियारा में विशेष अभियान चलाया।
थाना क्षेत्र के गंगा पार गोबराही दियारा में एसडीपीओ अमरकांत झा की अगुवाई में पुलिस के इस अभियान से दहशत में जी रहे किसानों में एक छोटी-सी उम्मीद जगी है। यह अभियान हत्याकांड में शामिल अपराधियों को दबोचने एवं सक्रिय अन्य गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए चलाया गया।
एसडीपीओ अमरकांत झा, कुरसेला थानाध्यक्ष अंजय अमन व पोठिया ओपी अध्यक्ष दिनेश कुमार के साथ-साथ काफी संख्या में पुलिस जवान इस ऑपरेशन में शामिल थे। पुलिस ने गोबराही दियारा के कैंप टोला, धनेश्वर टोला, दुर्गा स्थान टोला, घाट टोला, काली स्थान टोला, नेपाल महतो टोला आदि गांवों में छापेमारी की। पुलिस की धमक से अपराधी मांद में घुसने को मजबूर रहे। वहीं किसान, मजदूर तथा गोबराही दियारा के आम लोगों में इस अभियान से उम्मीद की एक नई किरण जगी। इस दौरान एसडीपीओ ने जगह-जगह पर किसानों व आमलोगों से भी बातचीत की और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों व उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों और आमलोगों को भरोसा दिया कि दियारा क्षेत्र में भी कानून का राज रहेगा। हर गिरोह पर नकेल कसी जाएगी। पुलिस का इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।