कदवा में कंटेनमेंट जोन के लोगों की सुविधा को ले प्रशासन तैयार
कटिहार। प्रखंड के महम्मदपुर एवं रतनपुर में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद दोनों जगहा
कटिहार। प्रखंड के महम्मदपुर एवं रतनपुर में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद दोनों जगहों पर तीन किलोमीटर के दायरे को कंटेनमेंट जोन बना कर सील कर दिया गया है। क्षेत्र की सभी दुकानों को बंद कर लोगों के बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस वजह से लोगों के समक्ष जरूरत की सामग्री की परेशानी शुरु हो गई है। बता दें कि बलिया बेलोन थाना क्षेत्र के रिजवनापुर पंचायत के रतनपुर में गुरुवार को एक महिला के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उक्त महिला पति एवं अन्य के साथ अजमेर से दिल्ली होते हुए एम्बुलेंस से कुछ दिन पूर्व घर आई थी। वहीं शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय के बगल में स्थित महम्मदपुर निवासी एक पुरुष कोरोना संक्रमित पाया गया था। उक्त व्यक्ति पत्नी एवं दो बच्चों के साथ चार पहिया वाहन से हरियाणा के गुरुग्राम से घर आया था। दोनों जगहों पर कोरोना वायरस के दस्तक देने के बाद तीन किलोमीटर क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। विभिन्न पथों की घेराबंदी कर वहां पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की नियुक्ति की गई है। पूरा प्रखंड मुख्यालय, थाना, बैंक सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान इसी जोन में आता है। प्रखंड मुख्यालय के सील होने की वजह से गत तीन दिनों से वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं कुम्हरी, दुर्गागंज बाजार पूर्ण रुप से बंद होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दवा, सब्जी एवं राशन के साथ जरुरी सामग्री की दिक्कतें हो रही है। इस संबंध में बताया गया कि जिस व्यक्ति को जरूरी सामान की आवश्यकता होगी उसे वोलेंटियर के द्वारा उनके घरों तक सामग्री पहुंचाई जाएगी। इस संबंध में अंचलाधिकारी बीरबल बरुन कुमार ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में 10 वोलेंटियर है। जिन्हें किसी भी सामान की जरुरत होगी, वे वोलेंटियर से संपर्क कर सकते हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी डा राकेश गुप्ता ने लोगों से धैर्य का परिचय देते हुए घरों में रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कोई जरुरत होने पर वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।